सीजी भास्कर, 09 मई। देर रात तक तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजाना मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस संचालकों को महंगा पड़ गया। पुरानी भिलाई पुलिस ने जयंती नगर स्थित मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस में निर्धारित समय के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालित किए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की है। (Playing DJ late at night in Bhilai proved costly)

पुलिस के अनुसार, मैरिज पैलेस में देर रात तक तेज आवाज में डीजे और साउंड सिस्टम चलाए जाने की शिकायत लगातार मिल रही थी। आसपास के रहवासियों ने शोर-शराबे से हो रही परेशानी और आयोजन के दौरान अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पाया गया कि विवाह समारोह के दौरान रात्रि 10 बजे के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालित किए जा रहे थे। साथ ही आवश्यक अनुमति संबंधी नियमों का भी उल्लंघन सामने आया। (Playing DJ late at night in Bhilai proved costly)

मामले में पुलिस ने धारा 152 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक शांति भंग करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

