सीजी भास्कर, दुर्ग, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) चेक जारी करने में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर ने प्रबंधक की जानकारी और अनुमति के बिना उनकी सील का इस्तेमाल कर 42 किसानों के नाम फर्जी चेक जारी कर दिए। इसके अलावा एक किसान को निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए भी कथित तौर पर नियम विरुद्ध चेक दिया गया। मामले (Durg KCC Cheque Fraud) में रानीतराई पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर पुरानिक साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : BJP MLA Dance Viral Video : बेमेतरा में युवतियों के साथ मंच पर नाचे BJP विधायक ईश्वर साहू
प्रबंधक की सील लगाकर जारी किए 42 चेक
पुलिस के अनुसार, ग्राम बोरेंदा निवासी महेंद्र चक्रधारी (31) ने 18 नवंबर को वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख और सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ रानीतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि पुरानिक साहू सेवा सहकारी समिति जरवाय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ था। आरोप है कि उसने 24 अप्रैल 2026 को तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव की जानकारी और अनुमति के बिना कार्यालय की दराज में रखी उनकी सील का इस्तेमाल किया। इसके बाद सील के ऊपर अपने हस्ताक्षर कर 42 किसानों के नाम पर केसीसी के चेक जारी कर दिए।
एक किसान को सीमा से अधिक खाद का चेक
शिकायत के मुताबिक, 25 जून 2026 को जरवाय निवासी किसान शत्रुहन लाल को भी निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियम विरुद्ध चेक जारी किया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित सूचना दी थी। ग्रामीणों ने भी संबंधित अधिकारियों से ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत की थी।
यह भी पढ़ें : Amla Navami Celebration : रायगढ़ में आंवला नवमी पर पेड़ की पूजा, श्रद्धालुओं ने परिवार संग किया वनभोज
नोटिस के जवाब में ऑपरेटर ने स्वीकारे हस्ताक्षर
मामले की जांच के दौरान पुरानिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। शिकायत के अनुसार, नोटिस के जवाब में उसने 42 किसानों के केसीसी चेकों पर अपने हस्ताक्षर करने और शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद के लिए चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद सहकारिता विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर बोर्ड की बैठक हुई और पुरानिक साहू को उसकी मूल समिति केसरा वापस भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें : Kabra Elephant Tranquilized : 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी ट्रैंकुलाइज, 5 दिन की मशक्कत के बाद वन विभाग को मिली सफलता
उपायुक्त के निर्देश पर दर्ज हुआ अपराध
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सहकारिता सतीश पाटले ने 17 नवंबर को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद महेंद्र चक्रधारी की शिकायत पर रानीतराई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब जारी किए गए चेकों, समिति के दस्तावेजों और शिकायत से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस मामले (Durg KCC Cheque Fraud) में जांच के बाद ही फर्जी चेक जारी करने के पीछे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



