सीजी भास्कर, 03 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में शुरू (Durg Traffic Police) की गई सख्त निगरानी का सकारात्मक असर दिखने लगा है। जिले के चिन्हित ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स पर विशेष चेकिंग पॉइंट स्थापित किए जाने के बाद जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान सड़क हादसों में होने वाली मौतों में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 27.52 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

आंकड़ों में सुधार, 298 से घटकर 216 हुई मृतकों की संख्या Durg Traffic Police
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 298 लोगों की जान गई थी, जबकि जनवरी से अक्टूबर 2026 में यह संख्या घटकर 216 रह गई। वहीं, यदि केवल अक्टूबर माह की तुलना करें, तो वर्ष 2025 के 26 मृतकों के मुकाबले अक्टूबर 2026 में यह संख्या घटकर 21 रह गई, जो 19.23 प्रतिशत की गिरावट दर्शाती है।

एक माह में 14 हजार 526 चालकों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान बीते एक महीने में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 14 हजार 526 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें सबसे ज्यादा 8 हजार 892 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे गए। इसके अलावा नो पार्किंग के लिए 2 हजार 236 वाहन चालक, ट्रिपल राइडिंग 1 हजार 315 चालक, बिना सीट बेल्ट 789 चालक, ओवर स्पीडिंग 346 चालक, ड्रंकन ड्राइविंग 169 चालक, लापरवाही पूर्वक ड्राइविंग 150 चालक, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल उपयोग 106 चालक, नो-एंट्री उल्लंघन सहित अन्य 523 मामले में कार्रवाई हुई है।

संवेदनशील चौराहों पर 24 घंटे पैनी नजर
यातायात पुलिस ने सोनेसरारा-धमधा रोड, मोतीपुर चौक, मुरमुंडा चौक, मालवीय नगर चौक, अवंति बाई चौक, रेल चौक और फुंडा चौक सहित कई प्रमुख संवेदनशील स्थानों पर फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाकर सघन जांच शुरू की है। इन स्थानों पर तेज रफ्तार, ड्रंकन ड्राइविंग और हेलमेट न पहनने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।



