सीजी भास्कर, 04 सितंबर : हाईवे पर हाथी (Elephant On Highway) के अचानक पहुंचने से रात में हड़कंप मच गया। हाथी को सड़क पर देखते ही वाहन चालकों ने गाड़ियां रोक दीं। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक यातायात थमा रहा।
यह भी पढ़ें… Fake Website Scam : दंडामी रिसार्ट की फर्जी वेबसाइट, बुकिंग के नाम पर पर्यटकों से ठगी
चोटिया में हाईवे पर पहुंचा लोनर हाथी
घटना कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल की केंदई रेंज के कोरबी सर्किल की है। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में भटक रहा लोनर हाथी मंगलवार रात अचानक बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चोटिया पहुंच गया। हाथी के सड़क पर आते ही ट्रक, बस और छोटे वाहनों के पहिए थम गए। वन विभाग को सूचना मिलते ही अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने सुरक्षित दूरी से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी। हाथी के मुख्य मार्ग से हटकर जंगल की ओर जाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।
यह भी पढ़ें…Bilaspur Supervisor Murder Case : बारिश का पानी छिटकने पर थप्पड़ से नाराज नाबालिग ने की सुपरवाइजर की हत्या
तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का खतरा
हाईवे पर हाथी (Elephant On Highway) की मौजूदगी से बड़े हादसे का खतरा बना रहा। अचानक सामने हाथी आने से तेज रफ्तार वाहनों के चालकों के लिए स्थिति बेहद जोखिमभरी हो सकती थी। वहीं, हाथी के घबराकर लोगों या वाहनों की ओर बढ़ने पर जान-माल का नुकसान भी हो सकता था। करीब आधे घंटे तक हाथी सड़क पर घूमता रहा। इसके बाद वह जंगल की ओर लौट गया। हाथी के हटने के बाद वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हुई।
यह भी पढ़ें…Traffic Diversion : जन्माष्टमी पर टाटीबंद-टोल प्लाजा मार्ग बंद, दुर्ग जाने वालों के लिए नया रूट
एक सप्ताह से लगातार बदल रहा लोकेशन
यह लोनर हाथी पिछले करीब एक सप्ताह से कटघोरा वनमंडल में लगातार जगह बदल रहा है। कभी दिन तो कभी रात में वह जंगल से निकलकर सड़क और आबादी की ओर पहुंच जाता है। झुंड से अलग होने के बाद हाथी द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की जानकारी भी सामने आई है। ग्रामीण क्षेत्र में घरों को नुकसान पहुंचाने की बात भी कही गई है।
अब मुख्य मार्ग पर उसकी बार-बार आमद ने ग्रामीणों के साथ वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। ड्रोन और मैदानी अमले की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है, ताकि उसे आबादी और मुख्य मार्ग से दूर रखा जा सके।
कटघोरा वनमंडल में करीब 52 हाथी
कटघोरा वनमंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 52 हाथी मौजूद हैं। इनमें झुंड के साथ रहने वाले हाथियों के अलावा कुछ लोनर हाथी भी शामिल हैं। वन विभाग इनकी गतिविधियों की निगरानी कर रहा है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। हाईवे पर हाथी नजर आने पर वाहन चालक भी जल्दबाजी न करें और वन अमले के निर्देशों का पालन करें।
खबरें और भी हैं : Bilaspur Supervisor Murder Case : हथौड़े से हमला कर सुपरवाइजर की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात




