सीजी भास्कर, 04 सितम्बर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आज, 4 सितंबर को छत्तीसगढ़ के मंदिरों में भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। रायपुर समेत प्रदेशभर के मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। विशेष पूजा, अभिषेक, भजन-कीर्तन और भोग की तैयारियां की गई हैं। (Raipur Krishna Janmashtami Celebration)
रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित श्री जैतूसाव मठ में भगवान को 11 क्विंटल मालपुआ और 1 क्विंटल पंजीरी का भोग लगाया जाएगा। वहीं समता कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में 101 लीटर दूध से अभिषेक किया गया है।

कोतवाली थाने में होगा कृष्ण जन्म का मंचन : Raipur Krishna Janmashtami Celebration
सिटी कोतवाली में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। यहां वासुदेव, देवकी और सैनिकों की वेशभूषा में कलाकार कृष्ण जन्म की लीला का मंचन करेंगे। रात 12 बजे जन्म के बाद ठाकुरजी को टोकरी में रखकर सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर ले जाने का दृश्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : जन्माष्टमी 2025 पर बांके बिहारी मंदिर में विशेष सुरक्षा: 22 सेक्टर और 4 जोन में बंटा पूरा क्षेत्र
इस्कॉन मंदिर में 3 दिवसीय महोत्सव
टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में 5 सितंबर तक जन्माष्टमी महोत्सव चलेगा। भजन-कीर्तन, कृष्ण बाललीला, भक्ति नृत्य और कथक सहित कई कार्यक्रम होंगे। रात 9 बजे महाभिषेक, मध्यरात्रि में छप्पन भोग और रात 12:15 बजे महाआरती होगी।
इसके अलावा दूधाधारी मठ में 7 सितंबर तक उत्सव चलेगा। बांके बिहारी मंदिर में दुग्धाभिषेक और विशेष श्रृंगार किया जाएगा। गिरिराज मंदिर में चार धाम से लाई गई सामग्री से पूजा होगी, जबकि गोपाल मंदिर में 5 सितंबर को नंद महोत्सव मनाया जाएगा। रायगढ़ और बिलासपुर में भी जन्माष्टमी पर विशेष झांकियां और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, गुढ़ियारी में दही-हांडी तोड़कर निभाई परंपरा



