सीजी भास्कर, 06 जून : छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण है। राज्य के उभरते हुए युवा क्रिकेटर आयुष पांडे (India A Team) का चयन भारत ‘ए’ टीम में श्रीलंका दौरे के लिए किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा घोषित टीम में आयुष को जगह मिलने के बाद प्रदेश के क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है। इसे छत्तीसगढ़ क्रिकेट के बढ़ते कद और खिलाड़ियों की प्रतिभा की बड़ी पहचान माना जा रहा है।
घरेलू क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे आयुष पांडे को पहली बार भारत ‘ए’ टीम का टिकट मिला है। चयनकर्ताओं ने उनके प्रदर्शन पर भरोसा जताते हुए श्रीलंका दौरे के लिए टीम में शामिल किया है। यह अवसर उनके क्रिकेट करियर का अब तक का सबसे बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।
भारत ‘ए’ टीम की कमान युवा विकेटकीपर बल्लेबाज Dhruv Jurel को सौंपी गई है, जबकि Devdutt Padikkal को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में Sai Sudharsan, Ruturaj Gaikwad, N. Jagadeesan, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज और शैक रशीद जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
श्रीलंका दौरे के दौरान भारत ‘ए’ टीम, श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ मल्टी-डे मुकाबले खेलेगी। यह दौरा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देने के साथ-साथ भविष्य की भारतीय टीम के लिए तैयार करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
आयुष पांडे के चयन से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। खेल संगठनों, पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए श्रीलंका दौरे में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। माना जा रहा है कि यदि आयुष इसी तरह प्रदर्शन जारी रखते हैं तो जल्द ही भारतीय सीनियर टीम के दरवाजे भी उनके लिए खुल सकते हैं।
दमदार प्रदर्शन से खास पहचान बनाई
22 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे ने घरेलू क्रिकेट में अपने लगातार दमदार प्रदर्शन से खास पहचान बनाई है। रणजी ट्रॉफी में अब तक खेले गए 19 प्रथम श्रेणी मुकाबलों की 34 पारियों में उन्होंने 47.66 की शानदार औसत से 1430 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं, जबकि उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 211 रन रहा है।
हाल ही में रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ खेली गई 183 रनों की बेहतरीन पारी ने चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर आकर्षित किया था। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने 78 और 49 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर आयुष ने भारत ‘ए’ टीम में जगह बनाकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट को गौरवान्वित किया है।




