सीजी भास्कर, 24 मई । सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने का बढ़ता ट्रेंड अब हवाई यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्यूरिटी ने एयरपोर्ट और फ्लाइट के दौरान वीडियो शूटिंग को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। नए नियमों के तहत कई संवेदनशील क्षेत्रों में फोटो और वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर यात्रा प्रतिबंध से लेकर कानूनी कार्रवाई तक की जा सकती है। (Making reels at the airport can be costly)
सुरक्षा क्षेत्रों में वीडियो बनाने पर रोक : Making reels at the airport can be costly
नई गाइडलाइन के अनुसार एयरपोर्ट के सुरक्षा होल्ड एरिया में रील्स, फोटो और वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह वही क्षेत्र होता है जहां सीआईएसएफ यात्रियों और उनके सामान की जांच करती है। इसके अलावा विमान पार्किंग एरिया और बस से विमान तक जाने वाले रास्ते में रुककर वीडियो या फोटो शूट करना भी मना किया गया है।
हालांकि यात्रियों को उड़ान के दौरान अपनी सीट या खिड़की से सामान्य फोटो और वीडियो लेने की अनुमति रहेगी। लेकिन यदि केबिन क्रू कैमरा बंद करने के लिए कहता है, तो यात्रियों को तुरंत निर्देशों का पालन करना होगा।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्रू मेंबर के मना करने के बावजूद वीडियो बनाना जारी रखने वाले यात्रियों को ‘अनरूली पैसेंजर’ की श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित यात्री पर तीन महीने से लेकर दो साल या उससे अधिक समय तक हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
इसके साथ ही एयरपोर्ट के प्रतिबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर सीआईएसएफ मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर सकती है। जरूरत पड़ने पर विमान अधिनियम के तहत कानूनी मामला भी दर्ज किया जा सकता है।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह : Making reels at the airport can be costly
नए नियम लागू होने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और संवेदनशील सूचनाओं की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट परिसर में वीडियो शूटिंग से पहले निर्धारित नियमों की जानकारी जरूर लें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।



