छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है। इस खरीफ सीजन में किसानों को धान का भाव 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा। सरकार ने एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने की सीमा तय की है। प्रदेश के 27.50 लाख से ज्यादा पंजीकृत किसानों को इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
धान खरीदी को सुचारू बनाने के लिए इस बार खरीदी केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी गई है। यानी पिछले साल के मुकाबले 360 नए केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही टोकन, किसान पंजीयन और फसल के रकबे के सत्यापन की प्रक्रिया को भी डिजिटल किया गया है।
एक एकड़ में 21 क्विंटल धान बेचने पर मिलेंगे 65,100 रुपए
सरकार ने इस साल धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। किसान एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। इस हिसाब से एक एकड़ में पूरी उपज बेचने पर किसान को 65,100 रुपए मिलेंगे।
इसी तरह दो एकड़ में 42 क्विंटल धान बेचने पर 1 लाख 30 हजार 200 रुपए और पांच एकड़ में 105 क्विंटल धान बेचने पर 3 लाख 25 हजार 500 रुपए मिलेंगे। हालांकि, वास्तविक खरीदी किसान के पंजीकृत रकबे और उपलब्ध उपज के आधार पर होगी।
360 नए खरीदी केंद्र बनाए गए
किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 3100 कर दी गई है। नए केंद्र बनने से दूरस्थ गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
खरीदी केंद्रों पर बारदाने, तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य खरीदी केंद्रों पर भीड़ और अव्यवस्था को कम करना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।
तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे बुक होगा टोकन
इस बार धान बेचने के लिए टोकन व्यवस्था को डिजिटल बनाया गया है। किसान तुंहर टोकन ऐप के जरिए घर बैठे ही धान बेचने के लिए टोकन बुक कर सकेंगे। इसके अलावा सहकारी समितियों के माध्यम से भी टोकन जारी किए जाएंगे।
इस व्यवस्था से किसानों को टोकन लेने के लिए बार-बार समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी।
एग्रीस्टैक और डिजिटल सर्वे से होगा फसल का सत्यापन
धान खरीदी व्यवस्था में इस बार एग्रीस्टैक आईडी और डिजिटल क्रॉप सर्वे को भी शामिल किया गया है। इसके तहत पंजीकृत किसानों के खेतों में बोई गई फसल और रकबे का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
धान बेचने के लिए किसान की पात्रता तय करने में फसल और रकबे का सत्यापन महत्वपूर्ण होगा। इसके साथ ही बायोमेट्रिक व्यवस्था के जरिए किसानों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। इससे खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और गड़बड़ियों को रोकने में मदद मिलेगी।



