सीजी भास्कर, अंबिकापुर, 19 नवंबर 2026। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी (Sant Gahira Guru University) को पद से हटा दिया गया है। राजभवन के आदेश के बाद शासन ने यह कार्रवाई की है। उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को वित्तीय अधिकारों के साथ कुलसचिव का प्रभार सौंपा गया है। विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव के बीच लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच इस फैसले को अहम माना जा रहा है।
राजभवन के निर्देश पर हुई कार्रवाई
कुलसचिव को हटाने की कार्रवाई राजभवन से मिले निर्देशों के बाद हुई है। बताया जाता है कि राज्यपाल की अनुशंसा पर लोकभवन के अवर सचिव ने उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का उल्लेख किया था। इसके बाद शासन स्तर पर विचार-विमर्श हुआ और डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : Kabra Elephant Rescue : 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी ट्रैंकुलाइज, गले में रेडियो कॉलर लगाकर वन विभाग रखेगा नजर
कुलपति और कुलसचिव के बीच छह महीने से विवाद
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले और कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी के बीच पिछले करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। कुलपति ने कुलसचिव की नियुक्ति और योग्यता पर सवाल उठाते हुए राजभवन को पत्र लिखा था। शुरुआत में दोनों के बीच बेहतर समन्वय रहा, लेकिन बाद में मतभेद बढ़ते गए और विवाद में बदल गए।
खरीदी और निर्माण कार्य बने विवाद की वजह
विवाद की मुख्य वजह खरीदी और निर्माण कार्यों से जुड़ी फाइलें बताई जा रही हैं। आरोप है कि कई सामग्री की खरीदी और निर्माण कार्य बिना अनुमति कराए जा रहे थे। कुलसचिव का पक्ष था कि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी हुए बिना वे किसी फाइल पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। वहीं, कुलपति पक्ष का कहना था कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी की जा रही है। इस खींचतान के कारण विश्वविद्यालय में कई फाइलें अटकी हुई थीं। खरीदी और निर्माण से जुड़े प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। इसका असर प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा था।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Nursing Officers Strike : ग्रेड-पे बढ़ाने की मांग पर नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल, 3 दिन का अल्टीमेटम
प्रवीण अग्रवाल को मिली जिम्मेदारी
डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को हटाए जाने के बाद उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को कुलसचिव का प्रभार सौंपा गया है। उन्हें वित्तीय अधिकार भी दिए गए हैं। माना जा रहा है कि नए प्रभार से लंबित खरीदी और निर्माण कार्यों को गति मिल सकती है। विश्वविद्यालय प्रशासन अब सामान्य कामकाज को पटरी पर लाने की कोशिश में जुटा है।
गौरतलब है कि डॉ. त्रिपाठी एमसीबी जिले के जनकपुर स्थित शासकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत थे। शासन ने उन्हें प्रतिनियुक्ति पर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कुलसचिव बनाया था। वर्तमान कुलपति की पदस्थापना से पहले से ही वे इस पद पर कार्यरत थे।
यह भी पढ़ें : Dawood Ibrahim House Demolition : दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला बुलडोजर, मस्जिद को नहीं छुआ; भारी पुलिस बल तैनात



