सीजी भास्कर 4 सितंबर
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में बुधवार को एक अनोखा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एक युवक अचानक 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और वहां से बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगा।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना सोरों थाना क्षेत्र के हरि की पैड़ी स्थित एयरटेल टॉवर की है। बदरिया गांव का रहने वाला जतिन नामक युवक बिजली का बिल ज्यादा आने और कनेक्शन काटे जाने से गुस्से में था। इसी नाराज़गी में वह टॉवर पर चढ़ गया।
जतिन ने टॉवर से नीचे आने से साफ इनकार कर दिया और अधिकारियों से कहा कि जब तक उसका बिजली कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।मौके पर जुटी भीड़ और अफसर
युवक को टॉवर पर चढ़ता देख बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर पुलिस, बिजली विभाग की टीम और एसडीओ पंकज कुमार भी पहुंच गए।
अफसरों ने काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश की। आखिरकार कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन देने के बाद जतिन नीचे उतरा।मां ने लगाए गंभीर आरोप
जतिन की मां गायत्री देवी ने आरोप लगाया कि उन्होंने बकाया बिल पहले ही जमा कर दिया था, इसके बावजूद विभाग ने उनका कनेक्शन काट दिया। इसी लापरवाही से नाराज़ होकर उनका बेटा टॉवर पर चढ़ गया था।
पुलिस का बयान
सोरों इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसकी मां के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





