सीजी भास्कर, 28 जून। चलती स्लीपर बस में आग (Sleeper Bus Fire) लगने से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धमतरी से रायपुर आ रही महेंद्र ट्रेवल्स की स्लीपर बस में बेंद्री के पास अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे जनहानि टल गई।
धुआं उठते ही चालक ने बस रोककर खाली कराई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही बेंद्री के पास पहुंची, तभी वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और परिचालक के साथ मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारना शुरू कर दिया। चलती स्लीपर बस में आग (Sleeper Bus Fire) लगने के बावजूद चालक की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को चपेट में लिया
यात्रियों के उतरते ही कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते लपटों ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को अपना सामान बस में ही छोड़कर बाहर भागना पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस ने पाया आग पर काबू
जगदलपुर नेशनल हाईवे पर हुई घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस बुरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
चलती स्लीपर बस में आग (Sleeper Bus Fire) की घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।



