रायगढ़ में 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह 14 से 23 सितंबर तक रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ 14 सितंबर की शाम राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। वे शाम 7:15 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचकर समारोह का उद्घाटन करेंगे।
दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश और प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार शास्त्रीय नृत्य, गायन, वादन, लोककला और साहित्य की विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियां देंगे। समारोह के दौरान रायगढ़ कला और संस्कृति के रंग में रंगा नजर आएगा।
गणेश वंदना से होगी पहली शाम की शुरुआत
समारोह के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों की गणेश वंदना से होगी। इसके बाद पद्मश्री डॉ. उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी। वहीं पद्मश्री अनुज शर्मा लोककला और लोकसंगीत की प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
आयोजन को लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
शास्त्रीय नृत्य की कई विधाओं की प्रस्तुति
दस दिवसीय समारोह में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मणिपुरी और कथकली जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा पंडवानी, लोकनृत्य, लोकसंगीत, भजन और वादन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
देश-प्रदेश के कलाकार दिखाएंगे कला की विविधता
समारोह में देश और प्रदेश के कई प्रतिष्ठित कलाकार शामिल होंगे। अलग-अलग दिनों में कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय कला और संस्कृति की विविधता को मंच पर पेश करेंगे। आयोजन के दौरान शास्त्रीय और लोक परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा।



