सीजी भास्कर, 24 अप्रैल |
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का गंभीर मामला सामने आया है। इस फर्जी आदेश में विभागीय सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया गया है। बताया जा रहा है कि यह फर्जी पत्र कई अभ्यर्थियों तक भी पहुंच चुका है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसी दौरान 5 मार्च 2026 की तारीख का एक फर्जी नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया, जिसमें नियुक्ति की अनुशंसा का उल्लेख है।
फर्जी आदेश में सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। साथ ही इसमें अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और विभागीय प्रशिक्षण के बाद परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त पर नियुक्ति की बात कही गई है। यह आदेश डाक के माध्यम से भेजा गया, जिससे इसकी विश्वसनीयता बढ़ाने की कोशिश की गई।
मंत्रालय में मचा हड़कंप
इस घटना के सामने आने के बाद मंत्रालय में हड़कंप मच गया है। वर्तमान में अधिकांश शासकीय कार्य ऑनलाइन प्रणाली से संचालित हो रहे हैं, जिसमें फाइलों का मूवमेंट और अधिकारियों के हस्ताक्षर भी डिजिटल माध्यम से होते हैं। ऐसे में इस घटना ने सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में विभाग के भीतर के किसी व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।


