खैरागढ़। खैरागढ़ के BEO कार्यालय में कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो का मामला आखिरकार कार्रवाई तक पहुंच ही गया। कई दिनों तक मामले को दबाने, संभालने और चुप्पी साधने की कोशिशें होती रहीं, लेकिन सोशल मीडिया में वायरल वीडियो और लगातार उठते सवालों के बाद शिक्षा विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। अब जिला शिक्षा विभाग ने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। (BEO Office Liquor Party)
जिला शिक्षा अधिकारी, खैरागढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार BEO कार्यालय खैरागढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वायरल वीडियो के माध्यम से शासकीय कार्यालय परिसर में शराब सेवन और अमर्यादित व्यवहार की जानकारी सामने आई थी। प्रथम दृष्टया यह मामला (BEO Office Liquor Party) छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विरुद्ध पाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
मजेदार बात यह रही कि वीडियो वायरल होने के बाद लंबे समय तक जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले पर चुप्पी साधे रहे। पहले मामला शांत होने का इंतजार किया गया, लेकिन जब सोशल मीडिया में वीडियो लगातार वायरल होते रहे और स्थानीय मीडिया ने सवाल उठाने शुरू किए, तब जाकर विभाग हरकत में आया।
लोगों के बीच अब यही चर्चा है कि यदि वीडियो वायरल नहीं होता, तो क्या कार्रवाई होती भी या नहीं। क्योंकि जिस कार्यालय से शिक्षा व्यवस्था संचालित होती है, वहीं सरकारी दफ्तर की मर्यादा पर सवाल खड़े होने लगे थे। आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय BEO कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। फिलहाल कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है और पूरे मामले की चर्चा जिलेभर में हो रही है।



