सीजी भास्कर, 19 जून। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच सीएम योगी शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। योगी ने कहा- विपक्ष के लोग राम का नारा लगाने पर गोली चलवाते थे। इनके दोगुले चरित्र को तो देखिए। राम मंदिर बन न पाए, इसके लिए कांग्रेस ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। सुप्रीम कोर्ट में बेशर्मी के साथ कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। वही कांग्रेस आज अयोध्या पर बहुत मचल रही है। (Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case)
योगी ने कहा- अगर किसी के पास कोई प्रूफ है तो उसे एसआईटी को दे दे। रामभक्तों से अपील है कि प्रभु श्रीराम ने मर्यादा का पाठ पढ़ाया है। 500 वर्षों तक राम मंदिर के लिए संघर्ष किया। 15 दिन और देख लो, इंतजार कर लो। चिंता मत करो। अयोध्या को बदमान करने वालों के बहकावे में न आएं। धाम को बदनाम न करें। अगर कोई अपराधी है, वह कोई भी होगा, बचेगा नहीं, यह सुनिश्चित है।
सपा प्रमुख और पूर्व मंत्री ने चोरी का मुद्दा उठाया था : Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case
- सपा सरकार में मंत्री रह चुके पवन पांडेय ने रविवार 7 जून को दावा किया था कि राम मंदिर से 5 से साढ़े 7 करोड़ रुपए तक की चोरी की गई। अखिलेश ने भी कहा था कि मामले पर सरकार की चुप्पी संदिग्ध है। कोर्ट को मामला देखना चाहिए। चंपत राय ने सफाई दी थी कि अभी तक ऐसी कोई भी बात सामने नहीं आई है।
- विवाद बढ़ा तो भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने 9 जून को प्रधानमंत्री को लेटर लिखकर CBI जांच की मांग की। अगले दिन यानी 10 जून को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मंदिर ट्रस्ट से मामले की रिपोर्ट मांग ली।
- चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 5 लोगों- लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू के नाम सामने आए हैं। इन लोगों की निशानदेही पर अब तक 2 करोड़ रुपए की रिकवरी हुई है। ये सभी दान राशि की गिनती की ड्यूटी से जुड़े हैं। मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर से 13 जून को सोना मिला। हालांकि, सोना कितना है, यह अभी कन्फर्म नहीं है।
SIT ने 4 दिन में किससे पूछताछ की, जानिए-
- पहला दिन- SIT ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और आमंत्रित सदस्य गोपाल राव से जानकारी ली। चोरी के मामले में जिन कर्मचारियों पर शक है, उन्हें ट्रस्ट के एक कमरे में बैठाया गया था। ऐसे करीब 8 से 10 कर्मचारी थे। इन लोगों से करीब 6 घंटे पूछताछ की गई।
- दूसरा दिन- टीम ने चंपत राय और गोपाल राव से चार-चार घंटे तक सवाल-जवाब किए। (Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case)
- तीसरा दिन- जांच टीम ने बैंक अधिकारियों और नोटों की गिनती से जुड़ी निजी एजेंसी के प्रतिनिधियों से पूछताछ की। इस दौरान बैंक स्टेटमेंट और वित्तीय रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई।
- चौथे दिन– टीम करीब 10 घंटे तक मंदिर परिसर में रही। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र से करीब 4 घंटे तक पूछताछ की। अनिल मिश्र से राम मंदिर दान की रकम की गिनती और रख-रखाव समेत इसे बैंक में जमा करने की प्रकिया जानी। इसमें उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से समझा। अनुकल्प मिश्र और लवकुश मिश्र आदि की नियुक्ति की प्रकिया और उसमें अनिल मिश्र की भूमिका को भी समझा। टीम ने टिन्नू यादव से भी डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। अनिल के बताए गए जवाब पर टिन्नू यादव की राय लेकर क्रॉस चेक किया।





