रायपुर, 20 अगस्त : आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा जारी रखना अब आसान होगा। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने छात्राओं के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति (Azim Premji Scholarship) शुरू की है। इसके तहत पात्र छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी। डिग्री पाठ्यक्रम की अवधि के अनुसार यह सहायता 2 से 5 साल तक मिल सकती है। इस तरह छात्राओं को अधिकतम 1.50 लाख रुपए तक की छात्रवृत्ति मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें :
उच्च शिक्षा के खर्च में मिलेगी आर्थिक मदद
इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की उच्च शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। छात्रवृत्ति की राशि का उपयोग शिक्षा शुल्क के साथ पढ़ाई पूरी करने से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों के लिए किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें :
2026-27 में दो चरणों में होंगे आवेदन
वर्ष 2026-27 के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति कार्यक्रम का तीसरा चरण संचालित किया जा रहा है। इसमें 19 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। पात्र छात्राओं से आवेदन दो चरणों में लिए जाएंगे।
पहले चरण के लिए आवेदन 10 से 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे। वहीं दूसरे चरण के लिए आवेदन की अवधि 10 से 31 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
कौन छात्राएं कर सकती हैं आवेदन
निर्धारित पात्रता के अनुसार 10वीं या 12वीं में किसी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी विद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत छात्राएं आवेदन कर सकती हैं।
इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान अथवा चयनित निजी महाविद्यालय या विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले डिग्री पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राएं भी अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति (Azim Premji Scholarship) के लिए आवेदन कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें :
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन के दौरान छात्राओं को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, शैक्षणिक अंकसूची और प्रवेश से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की स्पष्ट एवं रंगीन प्रतियां अपलोड करनी होंगी।
आवेदन के लिए पहले पंजीकरण करना होगा। इसके बाद छात्रवृत्ति पोर्टल पर लॉगिन कर आवेदन जमा किया जा सकेगा। आवेदन जमा होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के जरिए आवेदन पहचान संख्या प्राप्त होगी। अंतिम तिथि से पहले आवेदन में जरूरी सुधार कर उसे दोबारा जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
छात्राओं से समय पर आवेदन करने की अपील
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने पात्र छात्राओं से निर्धारित अवधि में आवेदन कर छात्रवृत्ति का लाभ लेने की अपील की है। पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
फाउंडेशन ने छात्राओं को केवल आधिकारिक माध्यम से ही आवेदन करने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि छात्रवृत्ति आवेदन के किसी भी चरण में बैंक खाते या ओटीपी की जानकारी लेने के लिए फोन या संदेश के जरिए संपर्क नहीं किया जाता है। छात्रवृत्ति के लिए किसी प्रकार का साक्षात्कार भी आयोजित नहीं किया जाता है।




