सीजी भास्कर, 25 अगस्त : छत्तीसगढ़ में सरगुजा-सूरजपुर सीमा से लगे जंगल में युवक-युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों के प्रेमी-प्रेमिका होने की आशंका जताई जा रही है। युवक की पहचान मूलचंद्र के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
खुखड़ी बीनने गए लोगों ने देखा शव
घटना सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र की है। मंगलवार सुबह खुखड़ी बीनने गए लोगों ने कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके देखे। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें…
एक ही फंदे से लटके मिले दोनों शव
पुलिस के अनुसार दोनों शव एक ही फंदे से लटके हुए मिले हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम की जांच के बाद शवों को नीचे उतारा गया। पुलिस ने घटनास्थल से पहचान से जुड़े सुराग जुटाए हैं।
युवक की पहचान ग्राम खड़गवां कला निवासी मूलचंद्र के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दोनों के एक साथ जंगल पहुंचने और एक ही फंदे से लटकने के कारण पुलिस प्रेम संबंध की आशंका से भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें…
मौके पर मिली बाइक, जांच तेज
घटनास्थल के पास एक HF डिलक्स बाइक खड़ी मिली है। बाइक का नंबर CG 15 DG 3422 बताया गया है। पुलिस को आशंका है कि युवक-युवती इसी बाइक से जंगल पहुंचे होंगे। बाइक किसके नाम पर है और दोनों का आपस में क्या संबंध था, इसकी भी जांच की जा रही है।
सूरजपुर या सरगुजा के रहने वाले होने की आशंका
शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि दोनों ने सोमवार को ही फांसी लगाई होगी। दोनों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें…
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि जंगल में युवक-युवती के शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अब युवती की पहचान, दोनों के बीच संबंध और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




