सीजी भास्कर, 08 अक्टूबर। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और वैशाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे में चल (Online Betting) रहे बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने किराए के एक फ्लैट में दबिश देकर दो अलग-अलग सट्टा-बेटिंग पैनल संचालित कर रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 31 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, वाई-फाई राउटर सहित अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के ऑनलाइन लेन-देन का खुलासा हुआ है।

यह भी पढ़ें…Illegal Sand Mining : धमतरी में रेत के अवैध कारोबार पर शिकंजा, दो दिन में 15 वाहन जब्त
म्यूल खातों की जांच से खुला अंतर्राज्यीय नेटवर्क Online Betting
वैशाली नगर थाने में दर्ज जुआ और साइबर अपराध के एक मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जानकारी मिली थी। तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने पर पता चला कि दुर्ग, भिलाई और धमतरी क्षेत्र के कुछ युवक ठाणे में फ्लैट किराए पर लेकर सट्टे का पैनल चला रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने ठाणे में छापा मारकर नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
शिफ्ट में काम कर रहे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे थे। दोनों पैनलों का संचालन 24 घंटे शिफ्ट के आधार पर किया जा रहा था। पैसों के लेन-देन के लिए म्यूल बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट्स का इस्तेमाल होता था, जबकि दैनिक हिसाब-किताब ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज किया जाता था।
भिलाई, धमतरी, कांकेर और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार युवक
पकड़े गए आरोपियों में विष्णु तिवारी (भिलाई), नरेश कन्हाई (भिलाई), अंकित निषाद, नितेश कुमार, दीपक कश्यप, मेहुल निषाद व चेतन ध्रुव (सभी धमतरी), हर्ष वर्धन निषाद (थाना बोरी), भुवन लाल देवांगन (कांकेर) तथा संतोष राम (मधुबनी, बिहार) शामिल हैं।
उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी
जब्त किए गए सभी लैपटॉप और मोबाइल फोनों का फॉरेंसिक विश्लेषण कराया जा रहा है, जिससे सिंडिकेट के मुख्य संचालकों और अन्य बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा सके। दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कमीशन के लालच में आकर अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम या सिम कार्ड किसी अज्ञात व्यक्ति को न दें। म्यूल अकाउंट के जरिए सट्टा या वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल पाए जाने पर खाताधारकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं…Ganja Smuggling : जेल में बंद आरोपियों से मिलने पहुंची गांजा तस्करी की आरोपी महिला, बाहर से GRP ने दबोचा



