सीजी भास्कर, रायपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार (Ravghat Railway Line) को लेकर 20 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक ट्रेन पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन होगा। इसके साथ ही रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें : Rikesh Sen Kanya Pujan : विधायक रिकेश सेन ने 101 नवजात बेटियों का किया पूजन, हर मां को 11 हजार की किट
रावघाट तक रेल से क्या बदलेगा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल रेल नेटवर्क का विस्तार नहीं, बल्कि बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ इलाकों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने वाला कदम है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा। क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक आधुनिक परिवहन सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

यह भी पढ़ें : Durg JD Steel Plant Accident : दुर्ग के स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, 1600 डिग्री तक गर्म पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत
95 किमी रेल लाइन का काम पूरा
दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच करीब 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के साथ यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण हो गई है। इस रेल संपर्क (Ravghat Railway Connectivity) से क्षेत्र के लोगों को आवागमन के बेहतर विकल्प मिलेंगे और शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार तथा व्यापार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की जरूरतों के लिहाज से भी यह रेल लाइन महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

कुरूद से रायपुर का सफर होगा आसान
अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के तहत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी (Abhanpur Kurud Broad Gauge Railway Line) का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। कुरूद-धमतरी सेक्शन में शेष काम अभी प्रगति पर है।
रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, व्यापार और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
रायपुर में बनेगी इंजन मेंटेनेंस सुविधा
रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। इस सुविधा के विकसित होने के बाद भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। इससे रेल परिचालन को सुचारु बनाने और बढ़ती माल परिवहन जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल लाइनें, यात्री सेवाएं और आधुनिक रेल अधोसंरचना छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति देंगी। रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर में विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : President Name : छत्तीसगढ़ के ‘राष्ट्रपति’ नाम वाले शख्स का मामला पहुंचा राष्ट्रपति भवन, कानून बनाने की मांग



