सीजी भास्कर, 11 नवंबर। सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र से हाथियों की मौत का मामला सामने आया है। लक्ष्मणगढ़ के जंगल में करंट लगने से एक मादा हथिनी की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ लापता हुए दूसरे हाथी की तलाश वन विभाग की टीम खोजी कुत्तों की मदद से कर रही है। (Search the elephant intensifies)
जानकारी के मुताबिक, करीब चार महीने से इलाके में 27 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। बाद में यह दल दो समूहों में बंट गया। 14 हाथियों के एक दल में से 12 हाथी चकेरी जंगल की ओर चले गए, जबकि दो हाथी लापता हो गए थे।

मंगलवार को लक्ष्मणगढ़ के कुसवामुंडा जंगल में एक मादा हथिनी का शव मिला। जांच के दौरान घटनास्थल के पास शिकार के लिए बिछाए गए जीआई तार भी जब्त किए गए। आशंका है कि जंगली जानवरों के शिकार के लिए तारों में करंट प्रवाहित किया गया था।
अब दूसरे लापता हाथी की तलाश में वनकर्मी और ग्रामीण खोजी कुत्तों की मदद ले रहे हैं। मामले में सात ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। (Search the elephant intensifies)
बताया जा रहा है कि उदयपुर क्षेत्र में 40 दिनों के भीतर करंट लगने से हाथी की मौत की यह दूसरी घटना है। फिलहाल वन विभाग की टीम दूसरे हाथी की तलाश और करंट फैलाने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान में जुटी हुई है।


