सीजी भास्कर, दुर्ग, 18 नवंबर 2026। दुर्ग जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक घटना में तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जबकि दूसरे हादसे में साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घटनाओं (Durg Road Accident News) में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद दोनों मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : Sonia Gandhi Book Controversy : सोनिया गांधी की किताब पर मचा बवाल, शिंदे गुट ने फाड़ी प्रतियां; प्रतिबंध लगाने की उठी मांग
देउरझाल के पास बाइक की टक्कर से युवक की मौत
पहला हादसा पथरिया-अहिवारा मुख्य मार्ग पर ग्राम देउरझाल के पास हुआ। कबीरधाम जिले के भाटकुडेरा, थाना सहसपुर लोहारा निवासी हरिश्चंद कौशिक (36) अपनी होंडा ड्रीम युगा बाइक से ससुराल खम्हरिया, कुम्हारी जा रहे थे। 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे देउरझाल के पास विपरीत दिशा से आ रही हीरो स्प्लेंडर बाइक के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरिश्चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नंदिनी नगर पुलिस ने मर्ग जांच के बाद हीरो स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 07 सीपी 7579 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दूसरी घटना पुलगांव थाना क्षेत्र के रसमड़ा चौक के पास हुई। दुर्ग के नयापारा वार्ड क्रमांक 1 निवासी रितम सिंह गोंड (36) 15 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे साइकिल से अपनी नानी के घर रसमड़ा जा रहे थे। इसी दौरान रसमड़ा चौक के पास अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रितम के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। हाईवे एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : Anand Kukreja Extortion Case : 25 करोड़ की फिरौती मामले में पुलिस महकमे पर गिरी गाज, इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड
दोनों मामलों में पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पुलगांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों सड़क हादसों (Durg Road Accident News) की जांच जारी है। पुलिस वाहन चालकों की लापरवाही और दुर्घटनाओं से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।



