सीजी भास्कर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 18 नवंबर 2026। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने कुल्हाड़ी से वार कर पति की हत्या कर दी। घटना 16 नवंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच ग्राम सिवनी बाजोपारा में हुई। मृतक शराब पीकर घर पहुंचा था और पत्नी से विवाद कर रहा था। आरोप है कि मारपीट से आक्रोशित पत्नी ने कुल्हाड़ी से उसके चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। इस हत्या के मामले (Mohla Manpur Murder Case) में पुलिस ने आरोपित पत्नी मालती बाई को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पीकर घर पहुंचा था पति, हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक कारजू राम पुरामें (30) 16 नवंबर की रात शराब पीकर घर पहुंचा था। इस दौरान उसका पत्नी मालती बाई से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कारजू राम ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे आक्रोशित होकर मालती बाई ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पति के चेहरे, गर्दन तथा सीने पर वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक आदतन शराब पीता था और आए दिन विवाद कर पत्नी के साथ मारपीट करता था।
यह भी पढ़ें : Sonia Gandhi Book Controversy : सोनिया गांधी की किताब पर मचा बवाल, शिंदे गुट ने फाड़ी प्रतियां; प्रतिबंध लगाने की उठी मांग
घर की परछी में खाट पर मिला शव
घटना की जानकारी 17 नवंबर की सुबह मालती बाई ने महाराष्ट्र के सावरगांव में रह रही अपनी सास जंगाय बाई को फोन पर दी। सूचना मिलने के बाद जंगाय बाई अपनी बेटी और दामाद के साथ गांव पहुंचीं। घर की परछी में खाट पर बेटे का शव पड़ा हुआ था। मौके पर दीवार पर खून के छींटे मिले। वहीं, खाट के नीचे खून लगी कुल्हाड़ी भी पड़ी थी। घटनास्थल की स्थिति देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
खड़गांव पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार
इसके बाद जंगाय बाई ने ग्राम पटेल, कोटवार और सरपंच पति के साथ खड़गांव थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले में आरोपित मालती बाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : Anand Kukreja Extortion Case : 25 करोड़ की फिरौती मामले में पुलिस महकमे पर गिरी गाज, इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड



