सीजी भास्कर, सरगुजा, 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। टीरंग गांव में फसल बचाने के लिए हाथियों को खदेड़ने निकले एक युवक पर नर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने युवक को दौड़ाकर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल की पहचान जागेश्वर उर्फ मंत्री के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इस घटना (Surguja Elephant Attack) के बाद आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें : Korba Scrap Truck Accident : राताखार में घर में जा घुसा कबाड़ से भरा ट्रक, सोता परिवार बाल-बाल बचा; 7 लाख का माल जब्त
हाथी ने दौड़ाकर पटका
घटना सोमवार की है। ग्रामीण अपनी फसलों को बचाने के लिए हाथियों को खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक नर हाथी ने जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को दौड़ाया और फिर पटक दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
जशपुर से पहुंचे तीन हाथी
जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन क्षेत्र से तीन हाथियों का दल सरगुजा पहुंचा है। इस दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। हाथियों ने एक किसान की करीब पांच एकड़ में लगी करेले की फसल भी नष्ट कर दी है।
यह भी पढ़ें : UP Horticulture Production : फल-सब्जी उत्पादन में इस राज्य का दबदबा, आलू और मटर के बाद आम-अमरूद में भी देशभर में आगे
नर हाथी की तलाश जारी
फिलहाल मादा हाथी और उसका बच्चा लुंड्रा वन परिक्षेत्र में पहुंच गए हैं, जबकि नर हाथी जंगल में लापता है। वन विभाग की टीम उसकी तलाश कर रही है। वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उन्हें खुद खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी गई है।



