सीजी भास्कर, जशपुर, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दूरस्थ आदिवासी इलाकों में आवागमन की समस्या दूर करने के लिए पांच बड़े पुल बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान यानी पीएम जनमन योजना (Jashpur PM Janman Bridge) के तहत इन निर्माण कार्यों के लिए 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सभी पुल बगीचा विकासखंड में बनाए जाएंगे। इनके निर्माण से ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बाजार तक पहुंच आसान होगी।
यह भी पढ़ें : Dhamtari Fish Feed Centers : हर विकासखंड में खुलेंगे मछली दाना केंद्र, अब मत्स्य पालकों को नहीं जाना पड़ेगा जिला मुख्यालय
5 पुलों पर 16 करोड़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जशपुर के पांच पुलों के निर्माण को प्रशासकीय मंजूरी दी है। पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-1 में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी थी। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ये पांच पुल शामिल हैं।
कहां कितनी लागत
स्वीकृत पांचों पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी। इनके निर्माण के लिए अलग-अलग राशि मंजूर की गई है।
- डंगरी से दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर पुल, लागत 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये।
- जबला से नवापारा मार्ग: नाले पर 30 मीटर पुल, लागत 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये।
- कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: नाले पर 60 मीटर पुल, लागत 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये।
- बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: नाले पर 80 मीटर पुल, लागत 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये।
- कुहापानी से बांसधार मार्ग: नाले पर 60 मीटर पुल, लागत 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये।
बारिश में भी नहीं रुकेगा रास्ता
इन पुलों के बनने से बारिश के दौरान नालों में पानी बढ़ने पर रास्ता बंद होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी।
यह भी पढ़ें : Durg Development Projects : सीएम साय ने दुर्ग को दी 402 करोड़ के 362 विकास कार्यों की सौगात, कांग्रेस पर भी बोला हमला
तकनीकी मंजूरी के बाद काम
प्रशासन के अनुसार सभी निर्माण कार्य स्वीकृत राशि के भीतर पूरे किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। इन पुलों से बगीचा विकासखंड के दूरस्थ गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें : Balod POCSO Case : 11 साल की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, 55 वर्षीय म्यूजिक टीचर गिरफ्तार, जेल भेजा गया



