सीजी भास्कर, भिलाई, 14 नवंबर 2026। भिलाई के नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर जल्द ही धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा (Birsa Munda Statue Bhilai) स्थापित की जाएगी। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की ओर से नगर पालिक निगम भिलाई में रखे गए प्रस्ताव को महापौर परिषद (एमआईसी) की 13 नवंबर को हुई बैठक में सहमति मिल गई है। इसके साथ ही शहर में आदिवासी समाज के महानायक और स्वतंत्रता सेनानी को सम्मान देने की दिशा में पहल आगे बढ़ गई है।
इस प्रस्ताव के पीछे भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी का आह्वान भी जुड़ा है। उनके आह्वान पर विधायक रिकेश सेन ने निगम के समक्ष नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। एमआईसी की सहमति के बाद अब प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। यह प्रतिमा शहर के प्रमुख मार्ग पर स्थापित होगी, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Politics : भूपेश बघेल का चुनाव आयोग पर तंज, बोले- BJP चाहे तो 90 सीटों वाले राज्य में 91 सीटें जीत जाए!
15 नवंबर को 151वीं जयंती
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। इस वर्ष उनकी 151वीं जयंती मनाई जाएगी। उनकी जयंती के अवसर पर हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस (Janjatiya Gaurav Diwas) मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया था। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा, शोषण के खिलाफ संघर्ष और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को बचाने के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। महज 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। हालांकि, उनका संघर्ष और विचार आज भी आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और पहचान की लड़ाई के प्रतीक माने जाते हैं।
यह भी पढ़ें : Vaishali Nagar Development News : विधायक रिकेश सेन की पहल से वैशाली नगर को 5 करोड़ की सौगात, 9 विकास कार्यों को मिली मंजूरी
देशभर में हो रहे विशेष आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर इस बार देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनजातीय कार्य मंत्रालय के मुताबिक, 1 से 15 नवंबर तक चल रहे इस आयोजन का समापन 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के साथ होगा। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। भाजपा की ओर से भी 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। इनमें जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, सांस्कृतिक आयोजन, खेल प्रतियोगिताएं, युवा संवाद और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का सम्मान जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की पहल केवल प्रतिमा लगाने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य भिलाई में आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सामाजिक अस्मिता को सम्मान देना है।
उनके अनुसार, मुख्य मार्ग पर प्रतिमा स्थापित होने से प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। उनका जीवन अपनी मिट्टी, संस्कृति, अधिकारों और पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
एमआईसी की सहमति के बाद अब भिलाई के नेहरू नगर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। 15 नवंबर को उनकी जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यह पहल आदिवासी महापुरुषों के योगदान को याद करने और आने वाली पीढ़ी तक उनकी विरासत पहुंचाने का संदेश दे रही है।
यह भी पढ़ें : Raipur Police Transfer : रायपुर में पुलिस महकमे में फेरबदल! 4 थाना प्रभारियों के तबादले, तीन थानों को मिले नए प्रभारी



