सीजी भास्कर, रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी (Chhattisgarh Politics) को लेकर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 25 हजार नए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं। इसी मुद्दे पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि मौजूदा चुनावी व्यवस्था में बीजेपी चाहे तो 90 विधानसभा सीटों वाले राज्य में 91 सीटें भी जीत सकती है।
भूपेश बघेल ने कहा कि नए मतदाताओं के नाम सूची में नहीं जुड़ना उनके मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से इस पर ध्यान देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे, धान खरीदी, पटवारियों की हड़ताल और जनगणना-2027 में जातिगत गणना को लेकर भी राज्य और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
वोटर लिस्ट में 25 हजार नाम नहीं जुड़े
पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची (Voter List Controversy) में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 23 अक्टूबर को प्रकाशित सूची में कई मतदाताओं के नाम इधर-उधर कर दिए गए हैं। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरने की अंतिम तारीख 11 नवंबर निर्धारित थी। बघेल का दावा है कि समय सीमा समाप्त होने के बावजूद प्रदेश में करीब 25 हजार नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए। इनमें अकेले भिलाई के लगभग 5 हजार मतदाता बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के नाम ही मतदाता सूची में नहीं होंगे तो वे चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कैसे कर पाएंगे?
Gen-Z से डर रही BJP: बघेल
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि बीजेपी नई पीढ़ी के मतदाताओं यानी Gen-Z से डर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर योग्य नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए और मतदाता सूची में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। बघेल के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से विरोध किए जाने के बाद नगर निगम ने नाम जोड़ने की प्रक्रिया के लिए समय बढ़ाया, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मामले को गंभीरता से देखने की मांग की।
यह भी पढ़ें : Raipur Dental College : रायपुर डेंटल कॉलेज में 22 साल से भर्ती का इंतजार! 29 पद खाली, नेता प्रतिपक्ष ने CM को लिखा पत्र
नितिन नवीन के दौरे पर भी निशाना
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे पर भी बघेल ने तंज कसा। उन्होंने बिहार चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए 15 नवंबर को छठ पूजा के दौरान दौरे का कार्यक्रम रखे जाने पर सवाल उठाया। प्रदेश में बीजेपी की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दावा किया कि यदि आज विधानसभा चुनाव हो जाएं तो पार्टी एक इनोवा कार में सिमट जाएगी।
यह भी पढ़ें : Korba Accident : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी, 18 साल के युवक की मौत
धान खरीदी और पटवारी हड़ताल पर सवाल
धान खरीदी (Chhattisgarh Paddy Procurement 2026) को लेकर बघेल ने सरकार से पूछा कि 42 कार्यदिवस में प्रदेश के सभी किसानों का धान कैसे खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की बात कर रही है, लेकिन तय समय में सभी किसानों की उपज खरीदना बड़ी चुनौती है। उन्होंने सवाल किया कि यदि किसी किसान का धान समय पर नहीं खरीदा गया तो उसके लिए क्या व्यवस्था होगी? पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि हड़ताल को करीब एक महीना हो चुका है। किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में सुधार और पोर्टल पर नाम ठीक कराने जैसे काम प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने पूछा कि पटवारियों के काम पर नहीं लौटने की स्थिति में किसानों के रिकॉर्ड कौन सुधारेगा?
यह भी पढ़ें : Raipur Police Transfer : रायपुर में पुलिस महकमे में फेरबदल! 4 थाना प्रभारियों के तबादले, तीन थानों को मिले नए प्रभारी
जनगणना में जातिगत गणना पर भी उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने जनगणना-2027 (Caste Census 2027) में जातिगत गणना को लेकर केंद्र सरकार से भी सवाल किए। उन्होंने कहा कि जातिगत गणना को लेकर प्रधानमंत्री के बयानों और आधिकारिक राजपत्र में स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने ओबीसी वर्ग की गणना को लेकर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की। इस तरह बघेल ने एक ही बयान में मतदाता सूची, धान खरीदी, पटवारी हड़ताल और जातिगत गणना जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उनके आरोपों और मांगों के बाद इन विषयों पर प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज हो सकती है।
यह भी पढ़ें : दुनियाभर में Microsoft की सर्विस ठप, 12 घंटे बाद भी बहाली का इंतजार



