सीजी भास्कर, रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। धान खरीदी (Chhattisgarh Dhan Kharidi 2026) के दौरान खसरा मैपिंग और फसल रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण पात्र किसानों को परेशानी नहीं होगी। राज्य सरकार ने ऐसी विसंगतियों को दूर करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। खसरा मैपिंग 15 जनवरी 2027 तक होगी, जबकि फसल संबंधी दावों और आपत्तियों के सत्यापन के बाद अद्यतन जानकारी 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध करानी होगी।
यह निर्देश खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से जारी किए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर को हुई धान खरीदी की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर यह पहल की गई है। खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने कलेक्टरों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : Ambikapur Cold Weather Death : अंबिकापुर में खुले में सोए युवक की मौत, ठंड से जान जाने की आशंका; 11.4°C तक गिरा पारा
15 जनवरी तक खसरा मैपिंग
ऐसे किसान, जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके रिकॉर्ड को ठीक कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टैक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टरों को सहकारी समितियों के माध्यम से ऐसे सभी मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खसरा मैपिंग की अंतिम समय-सीमा 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें : Husband Arrested : जशपुर में पत्नी की हत्या कर पति ने रची झूठी कहानी, खाट से गिरने की बात कहकर दफनाया शव
खेतों में जाकर जांच
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में जिन खसरों में दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन किसान वास्तविक रूप से धान बोने का दावा कर रहे हैं, उनका मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा ऐसे खसरे, जिनकी जानकारी डीसीएस और पीवी ऐप दोनों में उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण या सत्यापन से छूट गई है, उनकी भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से जांच होगी। अधिकारी खेतों में पहुंचकर राजस्व रिकॉर्ड का मिलान करेंगे और वास्तविक फसल के साथ बोए गए क्षेत्रफल की जांच करेंगे। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा। फसल की वास्तविक स्थिति प्रमाणित करने के लिए खेत के फोटो भी संलग्न किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : Bilaspur Airport Expansion : बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से कहा- पहले किए वादे से पीछे नहीं हट सकते!
30 नवंबर तक देनी होगी रिपोर्ट
राज्य शासन ने सत्यापन के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सक्षम अधिकारी से अनुमोदन लेने के बाद यह जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। इसके आधार पर फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरकार की इस पहल (Chhattisgarh Dhan Kharidi Farmer Update) का उद्देश्य खसरा और फसल रिकॉर्ड में मौजूद तकनीकी व अभिलेखीय गड़बड़ियों को दूर करना है। इससे वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी और खरीदी व्यवस्था अधिक पारदर्शी बन सकेगी।
यह भी पढ़ें : Bangladesh Government : शेख हसीना की वापसी रोकने में जुटी बांग्लादेश सरकार, अमेरिका-ब्रिटेन समेत कई देशों से मांगा समर्थन



