सीजी भास्कर, रायपुर, 26 नवंबर 2026। नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी (Chhattisgarh Science City) का सपना दो साल बाद भी जमीन पर नहीं उतर पाया है। केंद्र सरकार की योजना में बदलाव और नई गाइडलाइन का इंतजार परियोजना की राह में अड़चन बना हुआ है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में साइंस सिटी की स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित केंद्र में 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस गैलरी और रिन्युएबल एनर्जी पार्क जैसे आकर्षण विकसित किए जाने हैं।
यह भी पढ़ें : Rajnandgaon Kotwali Police : थाने की सुरक्षा ध्वस्त! लूट के दो आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार, तीन आरक्षक निलंबित
केंद्र की योजना में पेंच
नवा रायपुर के सेक्टर-13 में करीब 30 एकड़ जमीन पर साइंस सिटी बनाने की घोषणा वर्ष 2024 में की गई थी। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। यह परियोजना केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की स्पोक योजना के तहत प्रस्तावित है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक भागीदारी होनी है।
हालांकि, जिस योजना के तहत साइंस सिटी बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, उसमें फिलहाल बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। केंद्र स्तर पर योजना की समीक्षा के साथ नई गाइडलाइन और नियम तैयार किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था स्पष्ट होने के बाद ही परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा। ऐसे में अब निगाहें केंद्र की नई गाइडलाइन और छत्तीसगढ़ के प्रस्ताव को मिलने वाली मंजूरी पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh CM Jandarshan : जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, किसी ने मांगी सड़क तो किसी ने रोजगार और PM आवास
साइंस सिटी में खास आकर्षण
प्रस्तावित साइंस सिटी (Nava Raipur Science City Project) में बच्चों और युवाओं को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कई सुविधाएं विकसित करने की योजना है। यहां 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस गैलरी और रिन्युएबल एनर्जी पार्क बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके जरिए विद्यार्थियों को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को रोचक और व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) की केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जोड़ने के निर्देश भी दिए हैं। इससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को आधुनिक प्रयोगशालाओं में शोध का अवसर मिल सकेगा। विज्ञान केंद्र में एआई गैलरी तैयार की जा रही है। इसके अलावा सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा के आसपास एस्ट्रो साइंस पार्क विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें : Takhatpur Arun Sao Birthday : डिप्टी CM के जन्मदिन पर खराब पूड़ी-सब्जी बांटने का आरोप, नाराज लोग नाश्ता फेंककर लौटे
सरकारी कामों में तकनीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और तकनीक का लाभ केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका इस्तेमाल बाढ़ और आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, जमीन के रिकॉर्ड और राजस्व निरीक्षण जैसे सरकारी कामों में भी किया जाना चाहिए। उन्होंने कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण विकास विभाग की जरूरतों के मुताबिक तकनीकी परियोजनाएं तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में युवाओं और शोधकर्ताओं को पेटेंट तथा अन्य बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल करने में मदद देने पर भी चर्चा हुई। समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह और प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : Pendrawan Reservoir Mining : 117 साल पुराने जलाशय के कैचमेंट में खनन पर विवाद, भूपेश बघेल ने NOC रद्द करने की उठाई मांग
पारस पोर्टल की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने बुधवार को पारस पोर्टल की तीसरी समीक्षा बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को जिला कलेक्टरों की समय-सीमा (टीएल) बैठक में शामिल किया जाए। अब योजनाओं में कितना काम हुआ, कहां लक्ष्य पूरा नहीं हुआ और किन कामों की रफ्तार धीमी है, इसकी नियमित समीक्षा कलेक्टर करेंगे। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी ली।
यह भी पढ़ें : Raipur Mandi Gate Underbridge : 30 करोड़ का फंड, फिर भी निर्माण ठप! रेलवे की मंजूरी और जमीन के फेर में अटका अंडरब्रिज



