सीजी भास्कर, 6 जनवरी। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुटा जूनापारा में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की हत्या (Drunken Husband Murder) कर दी। घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान नईहारो मझवार (40) के रूप में हुई है। पुलिस और ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपित पति इंजोर साय मझवार लंबे समय से शराब सेवन का आदी था। शराब के नशे में वह अक्सर पत्नी से विवाद करता था और मारपीट की घटनाएं भी होती रहती थीं।
सोमवार की रात करीब 12 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपित ने पहले पत्नी का मुंह दबाया और फिर लाठी-डंडे से बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत (Drunken Husband Murder) हो गई। मृतका के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं और गला दबाने की पुष्टि भी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित का व्यवहार लंबे समय से हिंसक रहा है। वह नशे की हालत में पत्नी और बच्चों के साथ आए दिन मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था।
मृतका के परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है। घटना के समय छोटी पुत्री पूनम छेरता पर्व मनाने ग्राम जीवलिया गई हुई थी, जबकि पुत्र अनिल पड़ोस में अपने रिश्तेदार के घर सोने गया था। इसी दौरान यह वारदात हुई।
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपित पति को हिरासत में ले लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया है।
मौके पर प्रधान आरक्षक देव नारायण कंवर, आरक्षक देवेंद्र सिंह, महिला आरक्षक सुलोचना और रविंद्र साहू जांच पड़ताल में जुटे हुए हैं। स्वजन और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुटा पंचायत के सरपंच नंदा राम, उप सरपंच अमृत यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं मृतका के स्वजन सीएचसी उदयपुर पहुंचे। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।





