सीजी भास्कर, महासमुंद, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। त्रैमासिक परीक्षा के दौरान अनुशासन के नाम पर छात्र-छात्राओं को शारीरिक दंड देने के आरोप में शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद शिक्षक से 7 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। मामला (Mahasamund Teacher Student Assault) शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है, जहां शिक्षक पर जूते नहीं पहनकर आने और सही वर्दी में नहीं होने पर विद्यार्थियों के साथ मारपीट करने का आरोप है।
यह भी पढ़ें : CG Board Exam 2027 Preparation : बोर्ड परीक्षा से पहले कमजोर छात्रों की होगी पहचान, तिमाही रिजल्ट से तय होगी विशेष तैयारी
जूते नहीं पहने तो सिर पर मारा
व्याख्याता आशीष देवांगन की ड्यूटी परीक्षा के दौरान कक्ष क्रमांक 11 में लगाई गई थी। हालांकि, वे कुछ समय के लिए कक्ष क्रमांक 10 में भी गए। छात्राओं के अनुसार, जूते पहनकर नहीं आने और वर्दी ठीक नहीं होने की बात पर शिक्षक ने चार छात्राओं के साथ डांट-डपट और मारपीट की। कक्ष क्रमांक 11 में भी दो छात्रों के साथ इसी तरह का व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, छात्राओं के सिर पर मारने, कान मरोड़ने और बाल खींचने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर भी शिकायत सही पाए जाने का उल्लेख जांच में किया गया है।
यह भी पढ़ें : Dev Uthani Ekadashi Holiday 2026 : छत्तीसगढ़ में कल सरकारी दफ्तरों की छुट्टी, नया आदेश जारी
छात्राओं ने जांच में बताई आपबीती
जांच के दौरान 6 छात्राओं और 4 शिक्षकों के लिखित बयान दर्ज किए गए, जबकि 15 विद्यार्थियों से पूछताछ की गई। एक छात्रा ने बताया कि जूते नहीं पहनने पर शिक्षक ने उसके सिर पर मारा और बाल मरोड़ते हुए स्कूल नहीं आने की बात कही। दूसरी छात्रा के मुताबिक, नवरात्रि में उपवास रखने के कारण जूते नहीं पहनने पर शिक्षक ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी की और सिर पर मार दिया। एक अन्य छात्रा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति और उपस्थिति से जुड़ी परेशानी के कारण वह नए जूते नहीं खरीद सकी थी। इस पर शिक्षक ने उसके कान मरोड़ दिए।
यह भी पढ़ें : Travis Head Happy Birthday Post : 19 नवंबर को फिर ताजा हुई टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार की याद, हेड ने शेयर की तस्वीर
पहले भी लग चुके हैं मारपीट के आरोप
विद्यालय के प्राचार्य के अनुसार, शिक्षक आशीष देवांगन के खिलाफ वर्ष 2024 में भी विद्यार्थियों से मारपीट की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी के पास की गई थी। वर्तमान मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें : Madhubala Giri Controversy : छत्तीसगढ़िया समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी से बवाल, मधुबाला गिरी के खिलाफ पुलिस कमिश्नर से शिकायत



