सीजी भास्कर, 25 मई। छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के 2 कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल ऑडियो में विधायक अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाती और संगठन के नेताओं पर नाराजगी जाहिर कर रही हैं। (Alleged audio of BJP MLA goes viral)
वायरल ऑडियो में कहा जा रहा है कि, सरकार ऊपर से संचालित हो रही है। किसी को सीएम बनाकर तुरंत हटाया नहीं जा सकता, लेकिन ऊपर के लोग भी बहुत खुश नहीं हैं। प्रदेश में फिर से भूपेश बघेल की वापसी होगी, वे ही कांग्रेस के सीएम बनेंगे और इनको जेल भेजेंगे। हालांकि, रेणुका सिंह ने इसे AI जनरेटेड और फर्जी ऑडियो बताया है।
24 घंटे में दूसरा ऑडियो वायरल : Alleged audio of BJP MLA goes viral
शनिवार को पहला 35 सेकेंड का ऑडियो वायरल होने के बाद रविवार को 14 सेकेंड का दूसरा कथित ऑडियो भी सामने आ गया। बताया जा रहा है कि यह ऑडियो भाजयुमो जिला महामंत्री और विधायक के करीबी रहे पूर्व विधायक प्रतिनिधि मनोज साहू ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
इस कथित ऑडियो में विधायक का गुस्सा साफ सुनाई दे रहा है। वायरल क्लिप में कथित तौर पर कहा गया है, ‘अगर वो लड़ेगा तो मैं 5 करोड़ रुपए निकालूंगी। मेरी जितनी जमा पूंजी है, सब खर्च करूंगी। वहीं कथित आडियों में मनोज साहू को विधायक बेशर्म कह रही है।
जिला महामंत्री ने की थी विधायक की शिकायत
सुशासन तिहार के दौरान कोरिया भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू ने मुख्यमंत्री साय से विधायक रेणुका सिंह की लिखित शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि, विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र से लगातार गायब रहती हैं और जनता के बीच उपलब्ध नहीं हैं।
जिलाध्यक्ष ने जारी किया नोटिस तो जारी किया ऑडियो : Alleged audio of BJP MLA goes viral
सीएम के कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी द्वारा विधायक के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने मनोज साहू को 22 मई को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा। नोटिस में जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह संगठन का अंदरूनी मामला है। इसपर संगठन स्तर पर चर्चा की जानी थी। क्यों न आपके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जिलाध्यक्ष का नोटिस मिलने के बाद मनोज साहू ने विधायक रेणुका सिंह के साथ हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। रेणुका सिंह ने पहले मनोज साहू को सोनहत में विधायक प्रतिनिधि भी बनाया था, लेकिन मनोज साहू ने खुद इस्तीफा दे दिया था।
AI जनरेटेड बताया, फोरेंसिक जांच की मांग
अब मामला सोनहत पुलिस तक पहुंच गया है। रेणुका सिंह ने वायरल ऑडियो को फर्जी बताते हुए इसकी फोरेंसिक जांच कराने और सोशल मीडिया पर इसे फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि, यह पूरी तरह AI जनरेटेड और फर्जी ऑडियो है। मेरी छवि खराब करने और बदनाम करने के लिए विरोधियों ने साजिश रची है। मैंने मामले की शिकायत पुलिस में कर दी है।



