सीजी भास्कर, 30 जून। श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन ने (Atal Utkrisht Shiksha Yojana) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इच्छुक पात्र अभिभावक 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
पंजीकृत श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा लाभ
श्रम अधिकारी नीतीश विश्वकर्मा ने बताया कि (Atal Utkrisht Shiksha Yojana) का लाभ उन निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा, जिनका छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध पंजीयन हो। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया जाएगा।
शिक्षा के साथ आवास, भोजन और अध्ययन सामग्री भी निःशुल्क
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री तथा बेहतर शैक्षणिक एवं प्रतिस्पर्धी वातावरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से कर सकते हैं आवेदन
(Atal Utkrisht Shiksha Yojana) के लिए आवेदन श्रमेव जयते ऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। इसके अलावा श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर तथा श्रम पदाधिकारी कार्यालय, कोरबा में भी आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध है।
आवेदन के साथ ये दस्तावेज हैं अनिवार्य
श्रम विभाग ने बताया कि आवेदन के साथ श्रमिक पंजीयन कार्ड और आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य होगा। विभाग ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।



