सीजी भास्कर, रायपुर 25 नवंबर 2026 : छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों (Sarangarh Municipality Election) के आम व उप-निर्वाचन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग की हरी झंडी के बाद दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान हो सकते हैं, जिसके मद्देनजर दिसंबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चुनाव की दिशा में बड़ा पड़ाव होगा।
जहां एक ओर भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में नई चुनाव टोली, प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा कर चुनावी कमान संभाल ली है, वहीं कांग्रेस ने भी अपने पर्यवेक्षकों को मैदान में उतार दिया है। पर्यवेक्षक जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मन टटोलने के साथ-साथ संभावित प्रत्याशियों की लोकप्रियता और जनाधार का आकलन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : Janjgir Illegal Sand Storage : हसदेव नदी किनारे प्रशासन का छापा, 25 हाइवा रेत और चेन माउंट मशीन जब्त; 6 गांवों में जांच
सारंगढ़ में सरिता प्रबल दावेदार के रूप में उभरीं
चर्चित सारंगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस की टिकट को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पहले अध्यक्ष पद के लिए चार नामों प्रदेश कांग्रेस सचिव सरिता मल्होत्रा, पूर्व विधायक पदमा मनहर के पति घनश्याम मनहर, वर्तमान अध्यक्ष सोनी बंजारे के पति अजय बंजारे और कमला किशोर निराला की चर्चा थी। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस के भीतर जारी समीकरणों के बीच अब मुख्य मुकाबला सरिता मल्होत्रा और घनश्याम मनहर के बीच सिमटता दिख रहा है। इस दौड़ में सरिता मल्होत्रा का पलड़ा भारी माना जा रहा है। इसके पीछे कई अहम वजहें गिनाई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें : Jashpur Shrimp Farming : एक ही तालाब से मछली और झींगा बेचकर होगी दोगुनी कमाई! 40 किसानों को मिला बीज, 60% सब्सिडी भी
नया और ऊर्जावान चेहरा
पांच साल के मौजूदा कार्यकाल में शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर नागरिकों में नाराजगी और सत्ता विरोधी माहौल (एंटी-इनकम्बेंसी) की चर्चा है। ऐसे में पार्टी को एक ऐसे ताजा और सक्रिय चेहरे की जरूरत है जो मतदाताओं के बीच नई उम्मीद जगा सके। सरिता मल्होत्रा युवा और सक्रिय नेत्री के रूप में इस विकल्प पर फिट बैठती हैं। सरिता मल्होत्रा शहर की स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों पर लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं, जिससे आम लोगों और शहरी मतदाताओं के बीच उनकी पकड़ मजबूत मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें : Gold Silver Investment : सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी ₹9,103 और सोना ₹3,653 सस्ता
बदलाव की मांग का फायदा
शहरवासियों में कामकाज को लेकर जो असंतोष दिख रहा है, उसके बीच परंपरागत चेहरों के बजाय नए नेतृत्व को मौका देने की आवाजें उठ रही हैं जिसका सीधा लाभ सरिता मल्होत्रा की दावेदारी को मिल रहा है। दूसरी ओर, घनश्याम मनहर वरिष्ठता और पूर्व विधायक पदमा मनहर के अनुभव व संपर्कों के सहारे मैदान में हैं। पार्टी नेतृत्व के सामने अब यह संतुलन साधने की चुनौती है कि वह वरिष्ठता के अनुभव को प्राथमिकता दे या फिर बदलते शहरी मिजाज को देखते हुए सरिता मल्होत्रा के रूप में नए और युवा चेहरे पर दांव लगाए।
417 निकाय और 814 पंचायत पद
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकायों के आम निर्वाचन में कुल 417 पद शामिल हैं। इनमें भिलाई, भिलाई-चरोदा, रिसाली और बिरगांव नगर निगमों के महापौर पद, 13 नगर पालिका अध्यक्ष और 400 पार्षद पद शामिल हैं। इसके अलावा उपचुनाव में एक अध्यक्ष और छह पार्षद पदों के लिए मतदान होना है। इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 814 पदों में एक जनपद पंचायत सदस्य, 92 सरपंच और 721 पंच पद शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : Jashpur PM Janman Bridge : आदिवासी इलाकों की बदलेगी तस्वीर, 16 करोड़ से बनेंगे 5 बड़े पुल, जानिए किन गांवों को मिलेगा फायदा



