सीजी भास्कर, 10 जुलाई : रायपुर में चल रही कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा (Bhagwat Katha Raipur) के दौरान निकली कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। 8 जुलाई को महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकली यात्रा में पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई, जबकि कई श्रद्धालुओं ने पर्स से नकदी और सामान गायब होने की शिकायत भी की है। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिलाओं में ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू शामिल हैं। सभी महिलाएं धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंची थीं। भीड़ अधिक होने का फायदा उठाकर चोरों ने बेहद सफाई से वारदात को अंजाम दिया।
मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी गायब हुई चेन
ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह कथा (Bhagwat Katha Raipur) स्थल पर देवकीनंदन ठाकुर के स्वागत का वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान किसी महिला ने उनके गले के पास हाथ लगाया। उन्होंने इसे सामान्य बात समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद सेल्फी लेने पर पता चला कि उनकी सोने की चेन गायब हो चुकी है।
दो लाख से अधिक कीमत की चेन चोरी
लक्ष्मी यदु ने बताया कि उनकी करीब 17.5 ग्राम वजन की सोने की चेन चोरी हुई है, जिसकी कीमत दो लाख रुपए से ज्यादा है। उन्होंने पहले पुरानी बस्ती थाने में शिकायत की, लेकिन अधिकार क्षेत्र के कारण उन्हें सिटी कोतवाली भेजा गया, जहां एफआईआर दर्ज की गई।
एक नहीं, कई महिलाएं पहुंचीं शिकायत लेकर
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं तो वहां पहले से कई महिलाएं मौजूद थीं, जिनकी सोने की चेन या पर्स चोरी हो चुके थे। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई कि किसी संगठित गिरोह ने धार्मिक आयोजन को निशाना बनाया।
Bhagwat Katha Raipur महिला चोरों के गैंग की आशंका
श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं, इसलिए शक महिला चोरों के गिरोह पर जा रहा है। कई महिलाओं ने बताया कि उनके पर्स से नकदी और अन्य सामान भी गायब मिला। पुलिस सभी शिकायतों को जोड़कर जांच कर रही है।
सीसीटीवी के जरिए तलाश जारी
सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि कलश यात्रा (Bhagwat Katha Raipur) के पूरे रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि धार्मिक आयोजनों में भीड़ के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।



