सीजी भास्कर, 20 सितंबर : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ शहर में एक आक्रामक कुत्ते ने दो दिनों में 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले (Chhattisgarh Dog Attack) में 22 पुरुष, चार महिलाएं और पांच बच्चे घायल हुए हैं। पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
कुत्ते ने गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा, प्रतापगंज और बाजार चौक इलाके में लोगों को अपना निशाना बनाया। घायलों के हाथ-पैर और जांघ पर गहरे घाव हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।
यह भी पढ़ें : Bhilai Job Fraud Case : नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, रायपुर से आरोपी गिरफ्तार
31 घायलों को अस्पताल में दिया उपचार
सारंगढ़ में लगातार हो रहे हमलों के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। घायलों को अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन और सीरम लगाया गया।
स्थानीय लोगों ने कुत्ते को पकड़ने का प्रयास भी किया। हालांकि, उसके मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सारंगढ़ में कुत्ते का हमला (Chhattisgarh Dog Attack) सामने आने के बाद प्रभावित इलाकों में लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
यह भी पढ़ें : GST Gutkha Factory Raid : कुम्हारी में गुटखा फैक्ट्री पर छापा, दो मशीनें और 30 बोरा माल जब्त
बच्चों और बुजुर्गों को लेकर बढ़ी चिंता
लगातार हमलों के कारण प्रभावित क्षेत्रों के लोग सड़क पर निकलते समय सावधानी बरत रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने और सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी जरूरी है। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते को लोगों पर हमला करते देखा जा सकता है।
बलौदाबाजार में भी 13 लोगों को काटा
बलौदाबाजार जिले के पलारी में शनिवार को एक आक्रामक कुत्ते ने 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। कुत्ते ने अस्पताल के पास, बस स्टैंड और सड़क सहित अलग-अलग स्थानों पर लोगों को निशाना बनाया। घायलों में साढ़े तीन साल का बच्चा, 53 वर्षीय व्यक्ति, 24 वर्षीय महिला और कई स्कूली बच्चे शामिल हैं। पलारी में कुत्ते का हमला (Chhattisgarh Dog Attack) होने से लोगों में भी भय का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें : Pregnant Woman : सड़क नहीं मिली तो खाट बनी सहारा, नदी पार कर गर्भवती को पहुंचाया अस्पताल
लोगों ने कुत्ते को पकड़कर मार डाला
हमले में किसी के पैर तो किसी के हाथ, कंधे, पीठ और जांघ पर चोट आई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया। इसके बाद उसे मार दिया गया। पलारी अस्पताल में सुबह से शाम तक 13 घायल पहुंचे। सभी को एंटी रैबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन की डोज दी गई।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Guest Teacher Honorarium 2026 : 1535 अतिथि शिक्षकों के 6 महीने के मानदेय के लिए 18.42 करोड़ जारी
आक्रामक कुत्तों से दूरी बनाने की सलाह
चिकित्सकों के अनुसार रेबीज से संक्रमित कुत्ते में आक्रामकता बढ़ सकती है और वह लोगों पर हमला कर सकता है। ऐसे में संदिग्ध व्यवहार करने वाले या आक्रामक आवारा कुत्तों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।
विशेषज्ञों ने कुत्ते के काटने की स्थिति में घाव को नजरअंदाज नहीं करने और तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार लेने की सलाह दी है। आवारा कुत्तों के हमले (Chhattisgarh Dog Attack) के मामलों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



