सीजी भास्कर, दुर्ग, 25 नवंबर 2026। दुर्ग जिले के स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था (Durg School Inspection) की हकीकत जानने निकले संयुक्त संचालक शिक्षा के आकस्मिक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। पाटन विकासखंड के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) मर्रा में शिक्षक कक्षाओं से नदारद मिले, जबकि प्राचार्य भी स्कूल में मौजूद नहीं थे। संयुक्त संचालक केवी राव ने पांच शिक्षकों को चेतावनी पत्र जारी किया है। प्राचार्य को भी कड़ी चेतावनी दी गई है। इस दौरान मरोदा टैंक के सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण किया गया।
यह भी पढ़ें : Father Murder : शराब पीने से रोका तो बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट, रायगढ़ में 62 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या
कक्षाओं से गायब शिक्षक
सेजस मर्रा के निरीक्षण के दौरान प्राचार्य सुरेश कुमार त्रिपाठी अनुपस्थित पाए गए। पहली से पांचवीं तक किसी भी कक्षा में शिक्षक मौजूद नहीं थे। कुछ शिक्षक स्टाफ रूम में बैठे मिले, जबकि कुछ स्कूल परिसर में इधर-उधर घूम रहे थे। इस स्थिति पर संयुक्त संचालक ने नाराजगी जताते हुए शिक्षकों को फटकार लगाई। लापरवाही को लेकर शिक्षिका नसीम फातिमा खान, सोनी दुबे, पूनम प्रसाद, आंचल वर्मा और शुभम चौरे को चेतावनी पत्र जारी किया गया। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
यह भी पढ़ें : Jashpur PM Janman Bridge : आदिवासी इलाकों की बदलेगी तस्वीर, 16 करोड़ से बनेंगे 5 बड़े पुल, जानिए किन गांवों को मिलेगा फायदा
दसवीं के बच्चों को किताबें नहीं
निरीक्षण में सामने आया कि कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की पुस्तकें अब तक नहीं मिली थीं। पाटन के विकासखंड शिक्षा अधिकारी से चर्चा में पता चला कि प्राचार्य की ओर से पुस्तकों की मांग ही नहीं भेजी गई थी। वहीं, अलग-अलग कक्षाओं की अतिरिक्त पुस्तकें साइंस म्यूजियम कक्ष में रखी मिलीं। इन्हें जरूरतमंद स्कूलों तक भेजने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं हुआ। इसके अलावा शासन के निर्धारित क्रम के अनुसार प्रार्थना नहीं कराने और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं करने जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं। इन सभी मामलों में प्राचार्य को कड़ी चेतावनी दी गई।
यह भी पढ़ें : Dhamtari Fish Feed Centers : हर विकासखंड में खुलेंगे मछली दाना केंद्र, अब मत्स्य पालकों को नहीं जाना पड़ेगा जिला मुख्यालय
खुला साइंस म्यूजियम
स्कूल में स्थापित साइंस म्यूजियम भी बंद मिला। विद्यार्थियों ने बताया कि उद्घाटन के बाद उन्हें केवल एक दिन म्यूजियम दिखाया गया था। निरीक्षण के दौरान इसे खुलवाया गया तो विद्यार्थी उत्साह के साथ वहां रखे उपकरण देखने पहुंचे और गतिविधियों में हिस्सा लिया। संयुक्त संचालक ने प्रभारी विज्ञान शिक्षक को निर्देश दिया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन म्यूजियम खोला जाए। सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को बारी-बारी से वहां अवलोकन कराया जाए, ताकि वे विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों को समझ सकें।
मरोदा टैंक में भी सवाल
दूसरी ओर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टैंक में कक्षाएं व्यवस्थित रूप से संचालित मिलीं। यहां कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों से परीक्षा की तैयारी और ब्लूप्रिंट के आधार पर पढ़ाई को लेकर सवाल किए गए। विद्यार्थियों के जवाब संतोषजनक नहीं रहे। इससे पता चला कि उन्हें परीक्षा के ब्लूप्रिंट की पर्याप्त जानकारी नहीं है। संयुक्त संचालक ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को ब्लूप्रिंट की जानकारी दी। साथ ही सभी बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को इसके आधार पर परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए।



