टाटा ग्रुप से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। नोएल टाटा ने टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन और डायरेक्टर का पद छोड़ दिया है। 70 साल की उम्र पूरी होने के बाद उन्होंने 11 नवंबर को अपना पद छोड़ा। उनकी जगह अब बहराम वकील कंपनी के नए चेयरमैन होंगे। यह बदलाव 12 नवंबर से लागू हो गया है।
नोएल टाटा को कंपनी की ओर से चेयरमैन एमेरिटस बनाया गया है। उन्होंने 16 साल से ज्यादा समय तक टाटा इन्वेस्टमेंट के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली। वह साल 2004 में कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए थे और 2010 में चेयरमैन बने थे।
वहीं, कंपनी के बोर्ड ने अबिजर शब्बीर दीवानजी को भी पांच साल के लिए एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
बता दें कि नोएल टाटा टाटा ग्रुप से 40 साल से ज्यादा समय से जुड़े हुए हैं। वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन होने के साथ-साथ ट्रेंट और वोल्टास जैसी कंपनियों में भी अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।



