सीजी भास्कर, 15 जून। रायगढ़ जिले में उधारी की रकम वसूलने के नाम पर तीन बदमाशों ने एक कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट की और 10 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। (Raigarh Extortion Case)
घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी : Raigarh Extortion Case
पुलिस के मुताबिक, आशीर्वाद पुरम कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय कमलेश सिंह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का व्यवसाय करते हैं। आर्थिक तंगी के कारण वह कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का करीब 7 लाख रुपये का भुगतान पिछले तीन वर्षों से नहीं कर पाए थे।
गुरुवार दोपहर कपिल सोलंकी अपने साथी मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ कमलेश सिंह के घर पहुंचा। आरोप है कि तीनों जबरन घर में घुस गए और कारोबारी को जान से मारने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग करने लगे।
डंडों और मुक्कों से की पिटाई
विरोध करने पर आरोपियों ने कमलेश सिंह की डंडों, हाथ और मुक्कों से जमकर पिटाई कर दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड : Raigarh Extortion Case
पुलिस के अनुसार, कपिल सोलंकी निगरानीशुदा बदमाश है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं।
मनीष परियानी के खिलाफ लूट, मारपीट, प्रताड़ना, आबकारी और जुआ एक्ट के कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, गिरीश माखीजा के खिलाफ भी जुआ, सट्टा और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके नाम को गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध वसूली, गुंडागर्दी और लोगों को धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





