सीजी भास्कर, 23 जून। आईपीएल के अगले सीजन से पहले एक हाई-प्रोफाइल ट्रेड डील ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलते दिखाई देंगे। हाल के वर्षों में इसे आईपीएल की सबसे बड़ी और चर्चित ट्रेड डील में से एक माना जा रहा है। (Rishabh Pant Delhi Capitals Trade)
पंत की हुई घर वापसी : Rishabh Pant Delhi Capitals Trade
इस ट्रेड को ऋषभ पंत की घर वापसी के तौर पर देखा जा रहा है। पंत ने 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया और इस दौरान वह टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने दिल्ली के लिए 111 मैच खेले, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा फ्रेंचाइजी के लिए सबसे अधिक हैं।
साल 2021 से 2024 के बीच पंत ने 43 मुकाबलों में टीम की कप्तानी भी की और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ नेतृत्व क्षमता का भी प्रदर्शन किया। अब ट्रेड के जरिए उनकी एक बार फिर दिल्ली में वापसी हो गई है, जहां उन्हें 15 करोड़ रुपये की सैलरी मिलेगी।
रिकॉर्ड बोली के बाद LSG में नहीं चला जादू
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत पर रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ा था। यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी।
हालांकि, LSG के साथ उनका सफर उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। पंत की कप्तानी में टीम आईपीएल 2025 में सातवें स्थान पर रही, जबकि आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई। इस दौरान पंत बल्ले से भी बड़ी पारियां खेलने में संघर्ष करते नजर आए और टीम को लगातार जीत दिलाने में भी सफल नहीं हो सके।
दिल्ली से विदा हुए कुलदीप यादव : Rishabh Pant Delhi Capitals Trade
दूसरी ओर, बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव का दिल्ली कैपिटल्स के साथ शानदार सफर समाप्त हो गया है। कुलदीप 2022 में दिल्ली से जुड़े थे और पिछले पांच सीजन में टीम के गेंदबाजी आक्रमण की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरे।
उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 65 मैचों में 72 विकेट हासिल किए और कई अहम मुकाबलों में अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी से टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
LSG को मिला अनुभवी स्पिनर
भारतीय सीमित ओवरों की टीम के सबसे भरोसेमंद स्पिनरों में शुमार कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। वह अपने मौजूदा 13.50 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट के साथ LSG का हिस्सा बनेंगे।
लखनऊ की टीम को उम्मीद होगी कि कुलदीप की अनुभव और विकेट लेने की क्षमता उसके गेंदबाजी आक्रमण को नई मजबूती देगी और पिछले दो निराशाजनक सीजन के बाद टीम वापसी करने में सफल होगी।





