उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नए गठबंधन का ऐलान हुआ है। असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इस गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने इसका ऐलान किया। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी सही समय पर दी जाएगी।
इस दौरान दोनों नेताओं ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि गठबंधन बराबरी और हिस्सेदारी के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा। वहीं, चंद्रशेखर ने आजम खान का जिक्र करते हुए उनसे मुलाकात करने और माफी मांगने की बात कही।
चंद्रशेखर आजाद ने पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दे उठाते हुए बेरोजगारी, आरक्षण और संविधान की सुरक्षा को चुनावी एजेंडे का हिस्सा बताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया।
वहीं, ओवैसी ने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी को रोकने के लिए एक विकल्प बनेगा। अब देखना होगा कि यूपी की राजनीति में इस नए गठबंधन का 2027 के विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ता है।



