सर्दियों में घने कोहरे के दौरान ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने खास तैयारी की है। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों को कुल 3 हजार 657 फॉग सेफ डिवाइस दिए गए हैं। GPS तकनीक से लैस इन उपकरणों की मदद से लोको पायलटों को कोहरे के बीच भी आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे स्टेशन और फाटकों की जानकारी पहले ही मिल सकेगी।
इस डिवाइस की खास बात यह है कि यह अगले निर्धारित सिग्नल का अलर्ट करीब 500 मीटर पहले दे सकता है। इसमें स्क्रीन पर जानकारी दिखाने के साथ ऑडियो अलर्ट की सुविधा भी है। डिवाइस में संबंधित रेलमार्ग की जानकारी पहले से दर्ज रहती है, जिससे लोको पायलट को आगे आने वाले तीन सिग्नलों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।
रेलवे के मुताबिक, खोंगसरा और भनवारटंक जैसे क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान घना कोहरा ट्रेन परिचालन को प्रभावित करता है। ऐसे में यह तकनीक लोको पायलटों को समय रहते सतर्क रहने में मदद करेगी।
यह डिवाइस इलेक्ट्रिक और डीजल इंजन के साथ-साथ EMU, MEMU और DEMU ट्रेनों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें 18 घंटे का बैटरी बैकअप दिया गया है। रेलवे को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से कम दृश्यता के दौरान ट्रेन परिचालन और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।



