सीजी भास्कर, 18 जून : वनमंडल कोरबा अंतर्गत लेमरू वन परिक्षेत्र में अवैध काष्ठ तस्करी (Illegal Timber Smuggling) के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध तस्करों के ठिकानों पर मेगा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 306 नग अवैध काष्ठ चिरान जब्त किए गए, जिनकी कुल मात्रा 5.534 घनमीटर तथा अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
वन विभाग को मुखबिरों के माध्यम से ग्राम लेमरू एवं कुटुरूवां में बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी भंडारित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नियमानुसार सर्च वारंट जारी कराकर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच घरों में दबिश दी। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया तथा उपवनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई।
कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्राधिकारी लेमरू देवव्रत सिन्हा, बालको के जयंत सरकार, पसरखेत के देवदत्त खांडे तथा कुदमुरा की विक्रांता सिंह कंवर ने किया। सर्च ऑपरेशन का क्रियान्वयन परिक्षेत्र सहायक श्रवण कुमार गायकी एवं रामेश्वर सिंह सिदार के नेतृत्व में किया गया।
विभिन्न घरों से मिली अवैध लकड़ी
वन विभाग (Illegal Timber Smuggling) की टीम ने ग्राम लेमरू निवासी दिनेश कुमार तंवर के घर से दो नग साल प्रजाति के चिरान (0.122 घनमीटर), सुरेश कुमार सिंह तंवर के घर से 68 नग साल चिरान (1.272 घनमीटर) तथा 2 नग कलमी प्रजाति के चिरान (0.123 घनमीटर) जब्त किए।
इसी प्रकार ग्राम कुटुरूवां निवासी शिशुपाल देवांगन के घर से बीजा प्रजाति के 3 नग चिरान (0.042 घनमीटर) तथा साल प्रजाति के 231 नग चिरान (3.975 घनमीटर) बरामद किए गए। सभी लकड़ियां अवैध रूप से संग्रहित पाई गईं, जिन्हें वन विभाग ने विधिवत जब्त कर लिया।
30 अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम रही शामिल
कार्रवाई में थाना लेमरू पुलिस बल सहित वन विभाग के करीब 30 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने शांतिपूर्ण ढंग से बिना किसी विवाद के सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस दौरान लेमरू, बालको और पसरखेत वन परिक्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग ने बताया कि मामले में वन अधिनियम एवं नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति लेमरू के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्रामीणों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है।





