सीजी भास्कर, 30 जून। कोरबा शहर में सोमवार को एक मजदूर की चबूतरे पर सोते समय पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे हुई, जहां मृतक मजदूर नशे की हालत में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। (Revenge Killing in Korba)
जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय मृतक और आरोपी के बीच विवाद हुआ था। आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में बिना कपड़ों के घूम रहा था, जिस पर मृतक ने उसे रोकते हुए मारपीट कर दी थी। इसी बात से नाराज आरोपी (Revenge Killing in Korba) ने दोपहर में बदला लेने की योजना बनाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी कुछ देर तक मृतक के पास बैठा रहा और फिर अचानक उठकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी वार करता रहा और बाद में मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। आरोपी (Revenge Killing in Korba) को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



