सीजी भास्कर, 15 जुलाई : बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी में रहने वाले नगर निगम के सब इंजीनियर (Bilaspur Suicide Case) अमर सिंह चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने खुद के परेशान होने का जिक्र किया है। हालांकि आत्महत्या की वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो अमर सिंह चौहान (Bilaspur Suicide Case) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फांसी से पहले काटी थी हाथ की कलाई
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि फांसी लगाने से पहले अमर सिंह चौहान ने अपने हाथ की कलाई भी काटी थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। मौके से मिले साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
हाल ही में हुआ था जगदलपुर तबादला
जानकारी के अनुसार अमर सिंह चौहान (Bilaspur Suicide Case) नगर निगम में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उनका तबादला जगदलपुर किया गया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं स्थानांतरण, पारिवारिक या अन्य व्यक्तिगत कारण उनकी मानसिक परेशानी की वजह तो नहीं थे। फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुसाइड नोट की हो रही जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में उसमें केवल परेशान होने का उल्लेख मिला है। नोट की लिखावट का सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों व परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



