रात 2.30 बजे हुई तबीयत खराब, परिजनों को मालिश के दौरान दिखा डंसने का निशान; अस्पताल पहुंचते ही बिगड़ी हालत
सीजी भास्कर, 11 सितंबर। सर्पदंश (Ambikapur Snake Bite) का एक दर्दनाक मामला सरगुजा जिले के बतौली से सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत बतौली की 48 वर्षीय महिला सरपंच जगरमती पैंकरा को रात करीब 2.30 बजे करैत सांप ने डस लिया। नींद खुलने पर उन्होंने पेट में मरोड़ होने की बात कही। परिजन सामान्य पेट दर्द समझकर मालिश करने लगे, तभी पेट पर सांप के डसने का निशान दिखाई दिया। कमरे की तलाशी लेने पर वहीं करैत सांप भी मिला। परिजन उसे टब से ढककर महिला को अस्पताल ले गए, लेकिन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज शुरू होते ही उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : Illegal Chakhna Center : अवैध चखना सेंटर और सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी पर पुलिस का शिकंजा, 22 आरोपी गिरफ्तार
मेहमानों को पलंग देकर जमीन पर सो रही थीं सरपंच
ग्राम पंचायत बतौली की सरपंच जगरमती पैंकरा पति विशुन पैंकरा के घर 10 सितंबर को मेहमान आए थे। रात में खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए। मेहमानों के लिए सरपंच ने अपना पलंग दे दिया और खुद जमीन पर सो गईं।
रात करीब ढाई बजे अचानक उनकी नींद खुली। उन्हें उल्टी होने लगी। परिजनों ने पूछा तो उन्होंने पेट में मरोड़ होने की बात बताई। शुरुआत में किसी को सर्पदंश का अंदेशा नहीं हुआ।
मालिश के दौरान दिखा सांप के डसने का निशान
परिजनों ने सामान्य पेट दर्द समझकर मालिश करना शुरू किया। इसी दौरान महिला सदस्यों की नजर सरपंच के पेट पर पड़े सांप के डसने के निशान पर गई। निशान देखते ही घर में हड़कंप मच गया।
इसके बाद परिजनों ने कमरे में सांप की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद कमरे में एक करैत सांप लेटा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्हें यकीन हो गया कि सरपंच को उसी करैत ने डसा है।
यह भी पढ़ें : Bank Employees Strike : 5-डे बैंकिंग की मांग पर बैंककर्मी हड़ताल पर, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
करैत को टब से ढककर अस्पताल ले गए
सांप मिलने के बाद परिजनों ने उसे टब से ढक दिया और महिला सरपंच को तत्काल शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
परिजन रात में ही एंबुलेंस से उन्हें लेकर अंबिकापुर पहुंचे। करैत सांप को भी टब से ढककर रखा गया था, ताकि वह किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचाए।
मेडिकल कॉलेज में इलाज शुरू होते ही मौत
मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने सरपंच का उपचार शुरू किया। हालांकि तब तक जहर शरीर में फैल चुका था। डॉक्टरों के अनुसार एंटी स्नेक वेनम देने के बावजूद उनकी स्थिति नहीं संभल सकी।
इलाज शुरू होने के कुछ ही समय बाद जगरमती पैंकरा की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें : Mungeli Crime News : मुंगेली में चोरी का 12 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; 64,500 रुपये की संपत्ति बरामद
देर से पता चला सर्पदंश, नहीं बच सकी जान
परिजनों को शुरुआत में पेट में मरोड़ और उल्टी को सामान्य समस्या माना। इसी वजह से सर्पदंश का पता तत्काल नहीं चल सका। मालिश के दौरान डंसने का निशान मिलने और कमरे में करैत दिखाई देने के बाद घटना स्पष्ट हुई।
सरगुजा क्षेत्र में बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में रात के समय जमीन पर सोते हुए विशेष सावधानी बरतने और सांप के डसने की आशंका होने पर बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें : Hasdeo River Accident : हसदेव नदी में डूबे तीन युवक, बिलासपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे थे देवरी



