रक्षा मंत्रालय ने सेना, नौसेना और वायुसेना के वीरता पुरस्कार विजेताओं तथा उनके परिवारों के लिए भारतीय रेलवे में आजीवन यात्रा सुविधा को मंजूरी दी है। इस सुविधा के तहत सेना मेडल, नौ सेना मेडल और वायु सेना मेडल (गैलेंट्री) से सम्मानित जवानों को प्रथम श्रेणी, सेकंड एसी और एसी चेयर कार में आजीवन यात्रा की सुविधा मिलेगी।
पात्र लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
इस सुविधा का लाभ संबंधित वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले जवानों के साथ उनके पति या पत्नी को भी मिलेगा। विधवा या विधुर को पुनर्विवाह होने तक यह सुविधा जारी रहेगी। इसके अलावा अविवाहित और मरणोपरांत वीरता पुरस्कार पाने वाले जवानों के माता-पिता भी इस सुविधा के पात्र होंगे।
ऑनलाइन प्रक्रिया से जारी होंगे ई-पास
सरकार की मंजूरी को लागू करने के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पेपरलेस बनाया गया है। पात्र लाभार्थी भारतीय रेलवे कन्सेशन कार्ड पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। दस्तावेजों के सत्यापन और प्रमाणीकरण के बाद ऑनलाइन ई-पास जारी किए जाएंगे। इन ई-पास के जरिए रेलवे यात्रा के लिए टिकट बुक किया जा सकेगा।
1 नवंबर 2026 से शुरू होगी टिकट बुकिंग
ई-पास के आधार पर आईआरसीटीसी के वेब पोर्टल से टिकट बुकिंग की सुविधा 1 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इस पहल को वीरता और बलिदान के सम्मान के साथ सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



