सीजी भास्कर, सूरजपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथी के हमले (Surajpur Elephant Attack) में बाइक सवार एक प्यून की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने साथी के साथ बहन के घर से लौट रहा था, तभी अखोरा-कल्याणपुर मार्ग पर अचानक हाथी से सामना हो गया। हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन प्यून को हाथी ने कुचलकर मार डाला।
यह भी पढ़ें : Pharmacy Council : फार्मासिस्टों की समस्याएं लंबित, कार्यक्रमों पर लाखों खर्च की तैयारी से उठे सवाल
बहन के घर से लौट रहे थे
मृतक की पहचान बलरामपुर जिले के निवासी विश्वनाथ पिता राजनाथ के रूप में हुई है। वह पहाड़ी कोरवा छात्रावास में भृत्य के पद पर पदस्थ था। रविवार को वह अपने साथी बलदेव के साथ बाइक से सूरजपुर जिले के अखोरा गांव में अपनी बहन के घर आया था। शाम करीब 5:30 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अखोरा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग पर उनका सामना हाथी से हो गया। बताया गया है कि दोनों ने शराब पी रखी थी।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Jungle Safari : बाघों के दीदार से नक्सलगढ़ तक जंगल सफारी, अचानकमार में पहले दिन उमड़े 138 पर्यटक
साथी ने भागकर बचाई जान
रास्ते में हाथी ने बाइक सवारों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बलदेव किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचा ली। वहीं, विश्वनाथ हाथी की चपेट में आ गया। हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपने की प्रक्रिया की जाएगी। वन विभाग की ओर से मुआवजा प्रकरण तैयार करने की भी बात कही गई है।
यह भी पढ़ें : Mungeli Development : निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरे हों सभी काम : अरुण साव
झांपी नाला पर भी पहुंचा हाथी
इधर, सूरजपुर जिले में ही रविवार दोपहर जरही नगर पंचायत से लगे ग्राम बंशीपुर के झांपी नाला के पास एक हाथी मुख्य मार्ग पर पहुंच गया। इससे अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही रुक गई। हालांकि इस घटना में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। इन दिनों सूरजपुर के कल्याणपुर, भटगांव और प्रतापपुर क्षेत्र के साथ सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में भी हाथियों का दल विचरण कर रहा है। ऐसे में वन विभाग ने लोगों से जंगल और हाथी प्रभावित मार्गों पर सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Rajyotsav : मुंगेली में धूमधाम से मना 26वां राज्योत्सव, विकास और संस्कृति की झलक ने मोहा मन



