सीजी भास्कर, 16 अक्टूबर। ग्राम बांधा में अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 नग अवैध सागौन की लकड़ी (Illegal Teak Wood) बरामद की है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर जूनापारा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बांधा के पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पूर्व सरपंच के पुत्र राजेश सोनवानी के कब्जे से 31 नग सागौन की लकड़ी बरामद की गई। इसमें सागौन की चिरान एवं सिलपट शामिल हैं। लकड़ी के अवैध रूप से रखे जाने की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

वन अधिनियम के तहत दर्ज किया गया अपराध Illegal Teak Wood
पुलिस की मौजूदगी में वन विभाग की टीम ने बरामद लकड़ियों को अपने कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है, ताकि लकड़ी के स्रोत और उससे जुड़ी अन्य जानकारियों का पता लगाया जा सके।
इस संयुक्त कार्रवाई में जूनापारा पुलिस के स्टाफ और वन विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन संपदा की सुरक्षा और अवैध लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई को विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खबरें और भी हैं…CWSN Screening Negligence : दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग में लापरवाही, 8 जिलों को एक हफ्ते का अल्टीमेटम



