संवेदनशील इलाकों में 4 घंटे चला सघन चेकिंग अभियान; 47 अधिकारी-जवानों ने खंगाले पुराने अपराधियों के ठिकाने, नशा व हथियारों पर रही पैनी नजर
सीजी भास्कर, 06 नवंबर। दुर्ग जिले में असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने शुक्रवार तड़के व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग (Durg Police) अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के विशेष दिशा-निर्देश पर भिलाई नगर और नेवई अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सुबह 4 बजे से 8 बजे तक एक साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। अचानक हुई इस सघन जांच से असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 लावारिस व संदिग्ध वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

तड़के 4 से 8 बजे तक नाकेबंदी, 47 जवानों ने संभाला मोर्चा Durg Police
अभियान की कमान सीएसपी भिलाई नगर और सीएसपी नेवई ने संयुक्त रूप से संभाली। उनके साथ संबंधित थानों के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और कुल 47 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में उतरे। चार घंटे चले इस अभियान के तहत संवेदनशील चौराहों, आउटर बस्तियों, प्रमुख मार्गों और संदेहास्पद ठिकानों पर नाकेबंदी कर वाहनों एवं संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई।
नशा, हथियार और पुराने बदमाशों का भौतिक सत्यापन
पुलिस टीमों का मुख्य फोकस अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने पर रहा। चेकिंग के दौरान नशे व हथियारों की जांच, वाहनों की डिक्की और केबिन की तलाशी लेकर मादक पदार्थों, धारदार हथियारों एवं अवैध आग्नेयास्त्रों की धरपकड़ के प्रयास (Durg Police) किए गए। पूर्व में आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे बदमाशों और निगरानीशुदा तत्वों के निवास एवं अड्डों पर जाकर उनकी मौजूदा गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। लावारिस हालत में मिले तथा बिना वैध दस्तावेजों व संदिग्ध परिस्थिति में दौड़ रहे कुल 8 वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य विधिक धाराओं के तहत जब्त किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों और बल की रही भूमिका
कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देने में दोनों अनुविभागों के नगर पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों और पेट्रोलिंग स्टाफ का समन्वय (Durg Police) उत्कृष्ट रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त करने और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस प्रकार के औचक व रणनीतिक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


