सीजी भास्कर, रायपुर, 12 नवंबर 2026। करीब छह हजार करोड़ रुपये के महादेव ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट (Mahadev Betting Scam) में गिरफ्तार मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान कई अहम जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने की कोशिश की है। सीबीआई की आठ दिन की रिमांड में उसने पैनल संचालन और हवाला के जरिये रकम के लेनदेन की व्यवस्था संभालने की बात स्वीकार की, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कथित लाइजनिंग करने से इनकार कर दिया। सौरभ ने इसकी जिम्मेदारी रवि उप्पल पर होने की बात कही है।
यह भी पढ़ें : दुर्ग की मतदाता सूची जारी, पुरुषों से 6,556 ज्यादा हैं महिला वोटर्स
लाइजनिंग के सवाल पर रवि उप्पल का नाम
सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर से सट्टा कारोबार के संचालन, हवाला के जरिये रकम के लेनदेन, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कथित संपर्क तथा नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, सौरभ ने लाइजनिंग का काम खुद करने से इनकार करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी रवि उप्पल संभालता था। वहीं, पैनल संचालन और हवाला के जरिये रकम के लेनदेन की व्यवस्था संभालने की बात उसने स्वीकार की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित अवैध कारोबार से हासिल रकम किन लोगों तक पहुंचती थी और नेटवर्क को किसका संरक्षण प्राप्त था।
यह भी पढ़ें : Ambikapur News : खेलते-खेलते दो साल के मासूम ने मुंह में डाल लिया पटाखा, अंदर ही हुआ धमाका! खून बहने से चली गई जान
शुभम सोनी के वीडियो पर भी चुप्पी
पूछताछ के दौरान सीबीआई ने शुभम सोनी की ओर से जारी उस वीडियो का भी हवाला दिया, जिसमें उसने दावा किया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल उसके अधीन काम करते थे। इस दावे पर सौरभ ने कथित तौर पर सीधे जवाब देने के बजाय कहा कि इस संबंध में शुभम सोनी से ही पूछताछ की जानी चाहिए। सीबीआई अब तीनों के बीच कारोबारी संबंधों, नेटवर्क के वास्तविक संचालन और पैसों के बंटवारे की कड़ियों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : Driver Association : प्रशासन और ड्राइवर संगठन के बीच बनी सहमति, शांतिपूर्ण तरीके से रखी जाएंगी मांगें
हर महीने 450 करोड़ कमाई का आरोप
सीबीआई के अनुसार, सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके सहयोगियों ने ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया था। महादेव ऑनलाइन बुक एप का कारोबार वर्ष 2019-20 के आसपास शुरू हुआ और कोरोना काल में इसका तेजी से विस्तार हुआ। दोनों मुख्य प्रमोटरों ने दुबई को अपना प्रमुख संचालन केंद्र बनाया था। सीबीआई ने अदालत में दावा किया था कि इस नेटवर्क से हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई हो रही थी। आरोप है कि कमाई का 70 से 80 प्रतिशत हिस्सा प्रमोटरों के पास जाता था, जबकि बाकी रकम पैनल संचालकों को दी जाती थी।
देशभर में फैले पैनलों के जरिये क्रिकेट, फुटबाल और अन्य खेलों के अलावा ऑनलाइन गेम पर दांव लगवाए जाते थे। आरोप है कि सट्टे की रकम जमा कराने के लिए बड़ी संख्या में बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद कई स्तरों पर लेनदेन कर रकम विदेश भेजी जाती थी। इस पूरी व्यवस्था में हवाला नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
यह भी पढ़ें : Operation Baaz : ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, 30 पौवा शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार
संरक्षण राशि पहुंचाने का भी आरोप
सीबीआई का आरोप है कि ऑनलाइन सट्टे के इस नेटवर्क को निर्बाध रूप से चलाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तथा प्रभावशाली लोगों तक कथित तौर पर संरक्षण राशि पहुंचाई जाती थी। एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि लाइजनिंग कौन करता था और अवैध कमाई का हिस्सा किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। सौरभ के लाइजनिंग से इनकार करने के बाद रवि उप्पल की भूमिका जांच का अहम पहलू बन गई है।
यह भी पढ़ें : Illegal Liquor : दृष्टि हेल्पलाइन की सूचना पर पुलिस की दबिश, 433 पाव देसी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
ओमान से लाकर रायपुर में हुई पूछताछ
सौरभ चंद्राकर को एक नवंबर को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद सीबीआई की टीम उसे लेकर रायपुर पहुंची और चार नवंबर को विशेष अदालत में पेश किया। जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए दस दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने आठ दिन की हिरासत मंजूर की। इस दौरान सीबीआई ने सट्टा कारोबार के संचालन से लेकर कथित हवाला नेटवर्क और संरक्षण देने वालों तक की जानकारी जुटाने की कोशिश की। एजेंसी का मकसद अवैध कमाई के अंतिम लाभार्थियों की पहचान करना भी है।
यह भी पढ़ें : Knife Attack : कसडोल में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, जान से मारने की धमकी देकर किया हमला; कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
ईडी को नहीं मिली कस्टडी, जेल भेजा
सीबीआई की आठ दिन की रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया। इसी दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उसे अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए आवेदन दिया था। हालांकि, अदालत ने ईडी का कस्टडी आवेदन स्वीकार नहीं किया और सौरभ को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। अदालत ने ईडी को निर्देश दिया कि वह सौरभ की हिरासत के लिए अपने विशेष न्यायालय में विधिवत आवेदन प्रस्तुत करे। अब ईडी को अलग से न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर उसकी कस्टडी मांगनी होगी। ईडी पहले से ही महादेव एप से जुड़े मनी लांड्रिंग और अपराध से अर्जित संपत्ति के मामलों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : Diwali Celebration : जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, मिठाई और पटाखे बांटकर मनाई दीपावली
जांच एजेंसियों के सामने तीन बड़े सवाल
सौरभ चंद्राकर की पूछताछ के बाद जांच एजेंसियों के सामने तीन अहम सवाल हैं। सट्टा नेटवर्क की लाइजनिंग वास्तव में कौन संभालता था? हवाला के जरिये भेजी गई रकम किन-किन लोगों तक पहुंची? और शुभम सोनी के वीडियो में किए गए दावों की सच्चाई क्या है? सौरभ के जवाबों के बाद अब रवि उप्पल और शुभम सोनी की भूमिका भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण हो गई है।
यह भी पढ़ें : Bodies of soldiers found : किश्तवाड़ में लापता दो SPO जवानों के मिले शव, गोलियों से छलनी थे शरीर, हथियार भी गायब



